

मोहम्मद शमी ने अचानक टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है।
लंबे समय बाद आए इस अचानक फैसले से फैंस बेहद निराश हैं।
कोच बदरुद्दीन और रवि शास्त्री ने चयनकर्ताओं पर तीखे सवाल उठाए हैं।
Mohammed Shami New Zealand Tour: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी और स्टार तेज गेंदबाज रहे मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। शमी ने ठीक 13 साल पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स में जिस लंबे फॉर्मेट में डेब्यू किया था, आखिरकार निराशा के बीच उसे अलविदा कह दिया।
दरअसल, अब शमी के इस अचानक फैसले के बाद उनके बचपन के कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी और पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं पर तीखे सवाल उठाए हैं।
मोहम्मद शमी के बचपन के कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी ने खुलासा किया कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जगह न मिलने के बाद शमी अंदर से टूट चुके थे। सिद्दीकी ने कहा, "शमी के बड़े भाई, उनके परिवार और मैंने उन्हें संन्यास न लेने के लिए कई बार समझाया था। पिछले एक साल से वह मौकों की कमी के कारण काफी परेशान चल रहे थे।
जब न्यूज़ीलैंड सीरीज के बाद भी उन्हें लगा कि वापसी की कोई गुंजाइश नहीं बची है, तो उन्होंने भारी मन से टेस्ट करियर को अलविदा कहने का फैसला कर लिया। कोच ने आगे कहा कि मार्च 2025 में दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ मिली जीत के बाद से शमी को मौका नहीं मिला, जिससे वह काफी थका हुआ महसूस कर रहे थे।
चयनकर्ताओं के फिटनेस पैमानों पर सवाल उठाते हुए बदरुद्दीन ने कहा कि शमी बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट (रणजी ट्रॉफी) में लगातार 15-20 ओवर गेंदबाजी कर रहे थे और 4-5 विकेट लेकर टीम को जिता रहे थे।
जो गेंदबाज मैदान पर इतना वर्कलोड ले रहा है, उसे आप 'अनफिट' कैसे कह सकते हैं? भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका जैसे विदेशी दौरों पर शमी के अनुभव की जरूरत थी, क्योंकि सीनियर गेंदबाज के साथ रहकर ही युवा खिलाड़ी मैदान पर प्रैक्टिकली सीखते हैं।"
पूर्व भारतीय कप्तान और हेड कोच रवि शास्त्री ने भी शमी को टेस्ट सेटअप से बाहर रखने पर गहरी निराशा जताई है। शास्त्री ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बातचीत के दौरान कहा कि अगर आप मैच में 10 या 12 ओवर गेंदबाजी नहीं कर सकते, तो सिर्फ जिम में फिट दिखने का क्या फायदा? शमी बंगाल के लिए घरेलू मैच खेल रहे थे, मेहनत कर रहे थे।
किसी खिलाड़ी को अपनी फिटनेस साबित करने के लिए और क्या करना होगा?" शास्त्री ने कहा कि मुश्किल इंटरनेशनल सीजन में जब टीम को अनुभवी गेंदबाजों की जरूरत होती है, तब शमी जैसे गेंदबाज को नजरअंदाज करना दुखद है। शास्त्री के मुताबिक, शमी में अभी टेस्ट क्रिकेट में 30 से 40 विकेट लेने का माद्दा बचा हुआ था।
कुल मैच: 64
कुल विकेट: 229
गेंदबाजी औसत: 27.71
5 विकेट हॉल (पारी में): 6 बार
रिकॉर्ड: शमी भारत के लिए टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले 12वें और तेज गेंदबाजों की सूची में छठे स्थान पर हैं।