

Messi vs Yamal FIFA World Cup Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल फुटबॉल इतिहास के सबसे खास मुकाबलों में से एक बनने जा रहा है। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल आमने-सामने होंगे। खास बात ये है कि 19 साल पहले मेसी ने एक चैरिटी फोटोशूट के दौरान जिस बच्चे को गोद में उठाया था, वही बच्चा आज उनके खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल खेलने उतरेगा।
साल 2007 में बार्सिलोना के लिए खेलते हुए मेसी ने यूनिसेफ के एक चैरिटी कैलेंडर फोटोशूट में हिस्सा लिया था। इस दौरान उनकी जोड़ी वहीं के रहने वाले एक परिवार के छोटे बच्चे के साथ बनाई गई थी। वो बच्चा कोई और नहीं, बल्कि आज का स्पेनिश स्टार लामिन यमाल था। उस समय मेसी ने यमाल को गोद में लेकर और नहलाते हुए तस्वीरें खिंचवाई थीं।
ये तस्वीरें कई साल तक लोगों की नजरों से दूर रहीं। फिर 2024 में यमाल के पिता ने इन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद ये पूरी दुनिया में वायरल हो गई। तब लोगों को पता चला कि मेसी की गोद में दिख रहा बच्चा अब स्पेन की नई फुटबॉल सनसनी बन चुका है।
लामिन यमाल ने कम उम्र में ही क्लब और देश के लिए कई रिकॉर्ड बनाए हैं। अपनी शानदार ड्रिब्लिंग, बेहतरीन पासिंग और आक्रामक खेल के दम पर उन्होंने इस वर्ल्ड कप में भी सभी का ध्यान खींचा है। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत स्पेन फाइनल में पहुंचा है।
वहीं, 39 वर्षीय लियोनेल मेसी ने भी एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके खेल पर असर नहीं डाल सकी है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने दो शानदार असिस्ट देकर अर्जेंटीना को 2-1 की जीत दिलाई और लगातार दूसरे वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचाया।
अब फुटबॉल प्रेमियों की नजरें इस ऐतिहासिक फाइनल पर टिकी हैं। एक तरफ अपने करियर का एक और वर्ल्ड कप जीतने का सपना देख रहे लियोनेल मेसी होंगे, तो दूसरी तरफ पहली बार विश्व चैंपियन बनने का सपना लेकर उतरेंगे युवा स्टार लामिन यमाल। 19 साल पुरानी एक तस्वीर अब वर्ल्ड कप फाइनल की सबसे यादगार कहानी बन चुकी है।