स्पेन से हार के बाद छलका किलियन एमबाप्पे का दर्द, बोले- 'इस हार से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा'

Kylian Mbappe Statement: स्पेन से 2-0 की हार के बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने टीम की रणनीतिक और तकनीकी कमियों को मानते हुए कहा कि हमें इस हार से सीखकर आगे बढ़ना होगा।
Kylian Mbappé opens up after the loss to Spain: 'We must learn from this defeat and move forward.'
किलियन एमबाप्पे (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mbappe Speaks Out After Semi-Final Defeat: फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में स्पेन से 2-0 की हार के बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने माना कि फ्रांस न तो रणनीतिक रूप से और न ही तकनीकी तौर पर अपने स्तर का खेल दिखा सका, जिसकी वजह से टीम लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने का सपना पूरा नहीं कर सकी।

टूर्नामेंट में 8 गोल करने वाले एमबाप्पे ने मैच के बाद अपना बयान देते हुए कहा, 'हमने वैसा मैच नहीं खेला जैसा खेलना चाहते थे। रणनीति, तकनीक और प्रदर्शन, हर मामले में हम पीछे रह गए। विश्व कप के सेमीफाइनल में अगर आप अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं देते, तो जीतना मुश्किल हो जाता है।'

फ्रांस की योजना नाकाम रही

एमबाप्पे ने बताया कि फ्रांस की योजना स्पेन पर शुरुआत से दबाव बनाने की थी, लेकिन टीम ऐसा करने में नाकाम रही। उन्होंने कहा, 'हम चाहते थे कि स्पेन को शुरुआत से ही हाई प्रेस करें ताकि वे अपना पसंदीदा पजेशन गेम न खेल सकें। लेकिन हम इसमें सफल नहीं हुए और उन्होंने पूरे मैच की रफ्तार अपने हिसाब से नियंत्रित की।'

उन्होंने हार की सबसे बड़ी वजह मिडफील्ड की लड़ाई को बताया। उनके अनुसार स्पेन के रोड्री, दानी ओल्मो और फाबियन रुइज की तिकड़ी ने फ्रांस के एड्रियन राबियो और ऑरेलियन चुआमेनी पर पूरी तरह दबाव बना दिया।

सम्मान के साथ हार स्वीकार करनी चाहिए - एमबाप्पे

किलियन एमबाप्पे ने कहा, 'हम लगातार मिडफील्ड में 3-2 की स्थिति में फंस गए थे। स्पेन जैसी टीम के खिलाफ ये बहुत बड़ी समस्या बन जाती है। जब ऐसा होता है तो मैच पर आपकी पकड़ खत्म हो जाती है और आखिर में हार मिलती है।'

उन्होंने माना कि ये हार पूरी टीम के लिए बेहद निराशाजनक है। 'हमारा सपना था कि फाइनल में पहुंचकर अपने देश को फिर से विश्व कप जीतने का मौका दें। लेकिन अब हमें इस हार को स्वीकार करना होगा। जीतते समय सिर ऊंचा रखते हैं, तो हारने पर भी सम्मान के साथ हार स्वीकार करनी चाहिए।'

इस हार से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा- एमबाप्पे

एमबाप्पे ने आगे कहा कि टीम को अब इस निराशा से बाहर निकलना होगा। 'इस समय पूरी टीम बेहद निराश है और इस दर्द को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। लेकिन फुटबॉल किसी का इंतजार नहीं करता। हमें छुट्टियों के बाद फिर से नई शुरुआत करनी होगी, इस हार से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा।'

तीसरी बार टूटा फ्रांस का सपना

स्पेन के खिलाफ हार के साथ फ्रांस का लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलने का सपना टूट गया, जबकि स्पेन ने दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ा लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com