ईरान को मैच खेलने जाना ही होगा अमेरिका, फीफा का कड़ा फरमान, प्रेसिडेंट ने साफ किया रुख

Iran Football Team: ईरान को विश्व कप 2026 के अपने मुकाबले अमेरिका में ही खेलने होंगे। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने स्पष्ट किया कि सभी मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे।
FIFA World Cup 2026: फीफा का कड़ा फरमान, ईरान को मैच खेलने जाना ही होगा अमेरिका! प्रेसिडेंट ने साफ किया रुख!
ईरान की फुटबॉल टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 की मेजबानी अमेरिका के साथ कनाडा और मैक्सिको के पास है। यह टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक 16 अलग-अलग मैदानों पर खेला जाएगा। इस बार प्रतियोगिता में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें ईरान की टीम भी शामिल है। ग्रुप जी में ईरान का मुकाबला बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड से होगा। उसके ग्रुप चरण के मैच इंगलवुड और सिएटल में आयोजित किए जाएंगे।

अमेरिका में ही खेलने होंगे मुकाबले

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान को अपने सभी मुकाबले तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेलने होंगे। उन्होंने साफ कहा कि मुकाबलों का स्थान नहीं बदला जाएगा और सभी मैच उसी देश में होंगे, जहां उन्हें पहले से निर्धारित किया गया है। गौरतलब है कि ईरानी फुटबॉल संघ ने हाल ही में यह इच्छा जताई थी कि उनके मुकाबलों को अमेरिका से हटाकर मैक्सिको में कराया जाए। लेकिन फीफा प्रमुख ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का कार्यक्रम नहीं बदलेगा और सभी टीमों को तय स्थानों पर ही खेलना होगा।

ईरान की तैयारी जारी

इन सबके बीच ईरान की टीम अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। तुर्की में खेले जा रहे अभ्यास मुकाबलों के दौरान टीम ने अपनी मजबूती दिखाई है। कोस्टा रिका के खिलाफ खेले गए अभ्यास मुकाबले में ईरान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 से जीत हासिल की। इसी दौरान जियानी इन्फेंटिनो ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान विश्व कप में जरूर हिस्सा लेगा। उन्होंने कहा कि ईरान एक मजबूत टीम है और उसे प्रतियोगिता में खेलते देखना सुखद होगा। उनके इस बयान से उन अटकलों पर विराम लग गया, जिनमें कहा जा रहा था कि ईरान शायद इस बार विश्व कप में हिस्सा नहीं ले पाएगा।

इतिहास बदलने की चुनौती

ईरान की टीम अब तक सात बार विश्व कप में हिस्सा ले चुकी है और 2026 उसका आठवां अवसर होगा। हालांकि, अब तक वह कभी भी ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी है। ऐसे में इस बार टीम के सामने इतिहास बदलने की बड़ी चुनौती होगी। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए ईरान से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। अब देखना होगा कि क्या यह टीम इस बार अपने पुराने रिकॉर्ड को सुधारते हुए अगले दौर में जगह बना पाती है या नहीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com