

Hockey Match India vs China: जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स में आज यानी शुक्रवार, 2 अक्टूबर को 13वें दिन भारतीय महिला हॉकी टीम का फाइनल मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन चीन के साथ खेला जाएगा, ऐसे में भारत का लक्ष्य 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना है।
बता दें कि, टोक्यो ओलिंपिक 2020 में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने के बाद भारतीय महिला टीम पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। ऐसे में अब भारतीय टीम एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे टिकट कटाना चाहेगी।
आज होने वाला हॉकी का मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 2-0 से हराया था, जिसमें इशिका चौधरी और कप्तान सलीमा टेटे ने गोल किए थे। वहीं, चीन ने जापान को पेनल्टी शूटआउट में हराया था।
अब भारतीय टीम फाइनल में पहुंची है और गोल्ड मेडल में चीन से उसकी भिड़ंत होने जा रही है। खास बात यह है कि, भारत के पास 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने का एक बड़ा सुनहरा अवसर है। इससे पहले 1982 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन गेम्स में भारत की बेटियों ने गोल्ड मेडल जीता था और देश का नाम रोशन किया था।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एकमात्र गोल्ड मेडल 1982 में दिल्ली में जीता था तब उस समय महिला हॉकी को पहली बार इन खेलों में शामिल किया गया था। इसके बाद से भारत फाइनल में पहुंचा, लेकिन क्रमश: दक्षिण कोरिया और जापान से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
ऐसे में अब युवा खिलाड़ियों से सजी कोच शोर्ड मारिन की यह टीम लंबे इंतजार को खत्म करने और दमदार प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देने का माद्दा रखती है।
आपको बता दें कि, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर पहले ही फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब पुरुष टीम का स्वर्ण पदक मुकाबला कल यानी 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।