

India Women Hockey Team Beats Japan 3-1: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पूल बी के मुकाबले में भारत ने मेजबान जापान को 3-1 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की।
भारत ने मैच के पहले हाफ में ही 2-0 की बढ़त बना ली थी। पहले क्वार्टर में लालरेम्सियामी ने ओपन प्ले से गोल करके भारत का खाता खोला। इसके बाद दूसरे क्वार्टर के आखिरी हिस्से में इशिका ने गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
पहले हाफ में जापान भारत के ज्यादातर हमलों को रोकने में कामयाब रहा, लेकिन भारतीय टीम ने स्ट्राइकिंग सर्कल के अंदर मिले मौकों का अच्छा फायदा उठाया। भारत ने लगातार दबाव बनाए रखा और अपनी बढ़त को मजबूत किया।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने स्कोर 3-0 कर दिया। नवनीत कौर ने सर्कल के अंदर गेंद हासिल की और दाईं ओर मुड़ते हुए जापानी गोलकीपर के ऊपर से गेंद को दूर कोने में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ भारत की बढ़त तीन गोल की हो गई।
चौथे क्वार्टर की शुरुआत में जापान की कोबायाकावा शिहो ने अपनी टीम के लिए एकमात्र गोल किया। इसके बाद जापान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसे और गोल करने का मौका नहीं दिया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने आखिर में 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया और सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
हॉकी के अलावा शुक्रवार का दिन भारत के लिए शूटिंग में भी शानदार रहा। भारत ने शूटिंग में एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता। भारत के लिए सुरुचि इंदर सिंह और कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता।
भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 का स्कोर बनाया, जो एशियन रिकॉर्ड रहा। दोनों ने दबाव भरे फाइनल में शानदार सटीकता के साथ लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और स्टैंडिंग में सबसे ऊपर रहे।
सुरुचि और कमलजीत के लिए ये जीत सिर्फ गोल्ड मेडल तक सीमित नहीं रही। उनके 484.6 के स्कोर ने एशियन रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा दिया। इसके अलावा, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष पाटिल की भारतीय शूटिंग टीम ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम फाइनल में सिल्वर मेडल जीता। भारतीय टीम ने शुक्रवार को ऐची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह पदक अपने नाम किया।