

नयी दिल्ली: भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच रविवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाने वाली है। इस सीरीज के लिए रोहित शर्मा (Rohit Sharma) एंड कंपनी बांग्लादेश पहुंच गई। इस सीरीज से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास (Liton Das) ने एसबीएनसीएस, मीरपुर में पहले वनडे की पूर्व संध्या पर एकदिवसीय सीरीज ट्रॉफी का अनावरण किया।
मालूम हो कि, रविवार से शुरू होने वाली इस सीरीज से पहले भारत और बांग्लादेश दोनों टीमों को बड़ा झटका लगा है। भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोटिल हो गए है। इस वजह से वह सीरीज से बाहर हो गए है। अब उनकी जगह टीम में उमरान मलिक को शामिल किया गया है। वहीं, दूसरी तरफ बांग्लादेश के कप्तान तमीम इकबाल भी चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए है। इस वजह से अब बांग्लादेश की कप्तानी अब ओपनर लिटन दास (Liton Das) संभालेंगे।
लिटन दास (Liton Das) वनडे में बांग्लादेश के 15वें कप्तान बनाए गए हैं। तमीम इकबाल के सीरीज से बाहर होने के बाद लिटन को कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले साल 2021 में भी लिटन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 क्रिकेट में बांग्लादेश की कप्तानी की थी।
लिटन दास (Liton Das) ने हाल में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत के खिलाफ खेले गए मैच में धमाकेदार पारी खेली थी। उन्होंने महज 27 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेलकर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था।