Junior Hockey World Cup 2025 के क्वार्टर फाइनल में पहुंची भारतीय टीम, स्विट्जरलैंड को 5-0 से रौंदा

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम ने स्विट्जरलैंड को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हॉकी वर्ल्ड कप के लीग राउंड में भारतीय टीम अजेय रही है और अब तक तीनों मुकाबले जीती है।
Junior Hockey World Cup 2025 के क्वार्टर फाइनल में पहुंची भारतीय टीम, स्विट्जरलैंड को 5-0 से रौंदा
भारत बनाम स्विट्जरलैंड (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

FIH Junior Hockey World Cup 2025: जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम की प्रदर्शन शानदार रहा है। लीग स्टेज में भारतीय जूनियर हॉकी टीम अजेय रही। भारतीय टीम ने मंगलवार को स्विट्जरलैंड को 5-0 से हराकर लगाकर तीसरी जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ ही भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। अब क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना 5 दिसंबर को बेल्जियम से होगा।

जूनियर वर्ल्ड का आगाज भारतीय टीम ने चिली को 7-0 से हराकर किया था। उसके बाद भारतीय टीम ने ओमान को 17-0 से हराकर बड़ी जीत हासिल कर ली। इसके बाद तीसरा मुकाबला स्विट्जरलैंड से था। जो काफी मजबूत टीम मानी जाती है। लेकिन भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने स्विट्जरलैंड को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने तीन गोल दागे

रोहित की कप्तानी और पीआर श्रीजेश की कोचिंग में भारतीय टीम ने मुकाबले के दूसरे मिनट में ही खाता खोला। बर्थडे बॉय मनमीत सिंह ने मेजबान टीम को बढ़त दिला दी। उन्होंने 11वें मिनट में एक और शानदार फील्ड गोल करके लीड को दोगुना कर दिया। इसके बाद शारदा नंद तिवारी ने मुकाबले के 13वें मिनट में टीम का स्कोर 3-0 कर दिया।

भारतीय टीम ऐसी ही शुरुआत चाहती थी। मदुरै इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में भारतीय खिलाड़ियों ने खराब मौसम के बावजूद मैच देखने पहुंचे दर्शकों का दिल जीत लिया था। मुकाबले के 28वें मिनट अर्शदीप सिंह ने गोल दागते हुए भारत को 4-0 से आगे कर दिया। अर्शदीप ने इससे पहले ओमान के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी। इस बीच गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह ने कुछ शानदार बचाव किए, जिसके चलते स्विट्जरलैंड की टीम अपना खाता नहीं खोल सकी।

शारदा नंद ने किया बेहतरीन प्रदर्शन

भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथे क्वार्टर में भी लय बनाए रखी। शारदा नंद ने मुकाबले के 54वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए अपना दूसरा गोल दागा। इसी के साथ भारत ने 5-0 से बढ़त हासिल कर ली। इस शानदार प्रदर्शन के लिए शारदा नंद को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

कुछ अन्य मुकाबले का हाल

मेंस जूनियर वर्ल्ड कप 2025 के अन्य मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने कोरिया को 3-1 से हराया, जबकि इंग्लैंड ने मलेशिया को इसी अंतर से मात दी। फ्रांस ने बांग्लादेश को 3-2 से हराया, नीदरलैंड्स ने ऑस्ट्रिया को 11-0 से हराया, चिली ने ओमान को 2-0 से शिकस्त दी, जबकि बेल्जियम ने मिस्र को 10-0 से हराया और स्पेन ने नामीबिया को 13-0 से रौंदा। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com