बांग्लादेश के खिलाफ विराट कोहली के पास खास मौका, 108 रन बनाकर हो जाएंगे सचिन तेंदुलकर के क्लब में शामिल

virat-kohli
File Photo
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच 14 दिसंबर बुधवार को पहला टेस्ट मैच (IND vs BAN 1st Test) चटगांव में खेला जाना है। यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के हिसाब से टीम इंडिया (Team India) के लिए काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में भारत पूरी कोशिश करेगा कि इस सीरीज में जीत दर्ज करे। इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के पास भी एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करने का मौका है। 

भारत और बांग्लादेश के बीच अभी तक खेले गए टेस्ट मैचों का रिकॉर्ड देखें तो रनों के मामले में सचिन तेंदुलकर इस समय सबसे आगे हैं। हालांकि, सिर्फ 4 टेस्ट मैच खेल चुके विराट कोहली भी एक बड़ी उपलब्धि के बेहद करीब हैं। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैचों में विराट कोहली अभी तक 392 रन बना चुके हैं। ऐसे में 500 रनों के क्लब में शामिल होने के लिए उन्हें केवल अब 108 रनों की जरूरत है। ऐसा करके कोहली टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ के क्लब में शामिल हो जाएंगे।

भारत-बांग्लादेश के बीच सबसे ज्यादा टेस्ट रन 

  • सचिन तेंदुलकर- 7 मैच, 820 रन 
  • राहुल द्रविड़- 7 मैच, 560 रन 
  • मुशफिकुर रहीम- 6 मैच, 518 रन 
  • विराट कोहली- 4 मैच, 392 रन

अब अगर दोनों टीमों का इतिहास देखें तो, बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने आज तक एक भी मैच नहीं गंवाया है। दोनों टीमों के बीच अभी तक 11 मैच हुए हैं, इनमें 9 में भारत को जीत मिली है जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे हैं। बांग्लादेश और भारत के बीच आखिरी टेस्ट मैच तीन साल पहले साल 2019 में कोलकाता के ईडन गार्डेंस स्टेडियम में डे नाइट पिंक बॉल टेस्ट मैच खेला गया था। उस मुकाबले में भी भारत ने जीत दर्ज की थी।