यशस्वी जायसवाल और यश राठौड़ के शतकों से दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट ड्रॉ, मुकेश-सिराज ने झटके थे 9 विकेट

IND-A vs NZ-A : यशस्वी जायसवाल 155 और यश राठौड़ 100 के शतकों और मुकेश कुमार व मोहम्मद सिराज की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत-A ने न्यूजीलैंड-A के खिलाफ दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच ड्रॉ करा लिया है।
Ind A vs NZ A Unofficial Test Draw
दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच ड्रॉ सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • भारत-A और न्यूजीलैंड-A के बीच खेला गया दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच ड्रॉ

  • यशस्वी जायसवाल और यश राठौड़ ने लगाया शानदार शतक

  • मुकेश कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए

Ind A vs NZ A Unofficial Test Draw: क्राइस्टचर्च में भारत-A और न्यूजीलैंड-A के बीच खेला गया दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। पहली पारी में 78 रनों से पिछड़ने के बाद, भारतीय टीम ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की।

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के नाबाद 155 रन और यश राठौड़ के नाबाद 100 रनों की बदौलत भारत-A ने मैच के तीसरे और अंतिम दिन दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 282 रन बनाए, जिसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

जायसवाल और राठौड़ ने जड़े दमदार शतक

दूसरी पारी में भारत-A की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन मात्र 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि देवदत्त पडिक्कल खाता भी नहीं खोल सके। 35 रन पर 2 विकेट गिर जाने के बाद यशस्वी जायसवाल और यश राठौड़ ने मोर्चा संभाला।

जायसवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 162 गेंदों में 15 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 155 रन बनाए। वहीं, यश राठौड़ ने 122 गेंदों पर 9 चौकों के साथ नाबाद 100 रन पूरे किए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 247 रनों की अटूट साझेदारी कर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।

Ind A vs NZ A Unofficial Test Draw
Prema Rawat Fastest Fifty: प्रेमा रावत ने रचा इतिहास, तोड़ा पाकिस्तान की फातिमा सना का वर्ल्ड रिकॉर्ड

पहली पारी में कप्तान ध्रुव जुरेल ने मचाया था धमाल

दरअसल, इससे पहले, टॉस जीतकर पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारत-A की टीम ने 346 रन बनाए थे। कप्तान ध्रुव जुरेल ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 171 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 105 रनों की कप्तानी पारी खेली।

उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 80 और तेज गेंदबाज आकाश दीप ने 68 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। साई सुदर्शन ने भी 41 रन बनाए। न्यूजीलैंड-A के लिए गेंदबाज फ्रेजर शीट ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि ब्रेट रैंडेल और जारोड मैके को 2-2 विकेट मिले।

न्यूजीलैंड को मिली थी बढ़त

भारत के 346 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड-A ने पहली पारी में 424 रन बनाकर 78 रनों की बढ़त हासिल की थी। कीवी टीम की ओर से मैथ्यू बॉयल ने 110 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट शतक से चूक गए और 93 रन बनाकर आउट हुए। निचले क्रम में क्रिस्टियन क्लार्क ने 41, फ्रेजर शीट ने 40 और जारोड मैके ने 33 रन जोड़कर टीम का स्कोर 400 के पार पहुंचाया।

Ind A vs NZ A Unofficial Test Draw
विजय शंकर समेत 3 भारतीय क्रिकेटर APL ड्राफ्ट में शामिल, मोहम्मद आमिर को मिली सबसे बड़ी कैटेगरी

मुकेश के 5 और सिराज के 4 विकेट

न्यूजीलैंड-A को बड़े स्कोर पर रोकने में भारतीय तेज गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। मुकेश कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए, जबकि मोहम्मद सिराज ने भी धारदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके।

स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली। हालांकि, पहली पारी की इस बढ़त के बावजूद कीवी टीम भारतीय बल्लेबाजों के मजबूत इरादों को दूसरी पारी में नहीं तोड़ सकी और मुकाबला ड्रॉ रहा।