Hockey World Cup 2026: अर्जेंटीना से 3-5 से हारा भारत, वर्ल्ड कप से बाहर; 51 साल का सूखा बरकरार

India vs Argentina Hockey: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत अर्जेंटीना से 3-5 से हारकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। भारत का 1975 के बाद विश्व कप खिताब जीतने का इंतजार जारी है।
India vs Argentina Hockey
अर्जेंटीना से 3-5 से हारा भारतIANS
Published on
Updated on

Hockey World Cup India: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का 2026 हॉकी वर्ल्ड कप में सफर खत्म हो गया है। सोमवार (24 अगस्त) को नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल ई के अहम मुकाबले में भारत को अर्जेंटीना के हाथों 3-5 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।

भारत के लिए यह मुकाबला करो या मरो का था। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को अर्जेंटीना के खिलाफ जीत हासिल करनी थी। हालांकि, भारतीय टीम शुरुआत में ही पिछड़ गई और पूरे मुकाबले में वापसी के लिए संघर्ष करती रही।

पहले क्वार्टर में ही अर्जेंटीना ने बनाई बढ़त

अर्जेंटीना ने मुकाबले की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की। जोआक्विन टोस्कानी ने मैच के शुरुआती मिनट में ही गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी। इसके कुछ ही मिनट बाद निकोलस डेला टोरे ने दूसरा गोल कर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं।

भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने वापसी कराते हुए गोल किया। पहले क्वार्टर की समाप्ति तक अर्जेंटीना 2-1 से आगे था।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हुआ। हाफ टाइम तक अर्जेंटीना की 2-1 की बढ़त बरकरार रही।

तीसरे क्वार्टर में भारत पर भारी पड़ा अर्जेंटीना

तीसरे क्वार्टर में अर्जेंटीना ने मुकाबले पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। टॉमस डोमेने ने 33वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। इसके बाद क्वार्टर के अंतिम मिनट में डोमेने ने अपना दूसरा गोल करते हुए अर्जेंटीना को 4-1 की बड़ी बढ़त दिला दी। अब भारत के सामने मुकाबले में वापसी के लिए बेहद मुश्किल स्थिति थी।

आखिरी क्वार्टर में भारत ने की वापसी की कोशिश

चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। अर्जेंटीना ने 53वें मिनट में पांचवां गोल कर भारत की वापसी की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया।

इसके बाद सुखजीत सिंह ने 58वें मिनट में भारत के लिए अपना दूसरा गोल किया। आखिरी मिनट में हार्दिक सिंह ने भी गोल दागा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। भारतीय टीम अर्जेंटीना के पांच गोल के जवाब में सिर्फ तीन गोल कर सकी और मुकाबला 5-3 से अर्जेंटीना के नाम रहा।

India vs Argentina Hockey
महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन, साउथ अफ्रीका को 6-1 से रौंदकर पूल-डी में मजबूत हुई भारत की पकड़

1975 के बाद अब भी खिताब का इंतजार

इस हार के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम का वर्ल्ड कप खिताब का इंतजार और लंबा हो गया है। भारत ने आखिरी बार 1975 में हॉकी वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इसके बाद टीम दोबारा विश्व चैंपियन नहीं बन सकी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com