19 साल की हंसिका लांबा ने बुडापेस्ट में लहराया तिरंगा, जीता सिलवर मेडल; भारत के नाम हुए पांच नए पदक

Budapest Ranking Series: हंसिका लांबा ने महिलाओं के 55 किलोग्राम वर्ग में जीता रजत पदक। पुरुषों के 125 किलोग्राम वर्ग में रजत रुहाल ने भी कांस्य पदक किया हासिल, भारत के कुल पदकों की संख्या हुई 5।
19-year-old Hansika Lamba waves the Tricolour in Budapest, wins silver medal; India bags five new medals.
हंसिका लांबा और रजत रुहाल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Hansika Lamba Silver Budapest Ranking Series: हंगरी में आयोजित पोल्याक इमरे, वर्गा जानोस और कोजमा इस्तवान मेमोरियल 2026 'बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज' में भारत की 19 वर्षीय पहलवान हंसिका लांबा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में उन्हें यूक्रेन की पूर्व जूनियर यूरोपीय चैंपियन नतालिया क्लिवचुत्स्का के खिलाफ 5-0 से हार का सामना करना पड़ा।

हंसिका लांबा का जलवा

हंसिका ने क्वार्टर फाइनल में तुर्किये की 'तुबा डेमिर' को 8-4 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में जर्मनी की 'अनास्तासिया ब्लायवास' के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 10-7 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले वो इस साल एशियन चैंपियनशिप और उलानबटार ओपन में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं।

प्रियांशी प्रजापत कांस्य पदक से चूक गईं

महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग में भारत की प्रियांशी प्रजापत कांस्य पदक से चूक गईं। कांस्य पदक मुकाबले में उन्हें इक्वाडोर की पूर्व पैन-अमेरिकन चैंपियन 'जैकलीन मोलोकाना' ने 4-2 से हराया। प्रियांशी ने शुरुआत में पैन-अमेरिकन चैंपियन केटी गोमेज को चित किया था, लेकिन क्वार्टर फाइनल में चीन की पेरिस ओलंपिक 2024 कांस्य पदक विजेता 'फेंग जिक' से हार गईं। रेपेचेज के जरिए वापसी करते हुए उन्होंने कनाडा की केटी डचाक को हराया, लेकिन पदक मुकाबले में जीत नहीं हासिल कर सकीं। वहीं, इसी वर्ग में भारत की दीपांशी प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गई।

रजत रुहाल ने जीता कांस्य पदक

पुरुषों के 125 किलोग्राम वर्ग में रजत रुहाल ने कांस्य पदक जीता। अमेरिका के मेसन पैरिस के चोटिल होकर मुकाबले से हटने के कारण रजत को वॉकओवर मिला। इससे पहले रजत क्वार्टर फाइनल में पोलैंड के कामिल कोश्चोलेक से हार गए थे, लेकिन रेपेचेज में दक्षिण कोरिया के ग्वानुक किम को 8-4 से हराकर कांस्य पदक मुकाबले में पहुंचे।

इसी वर्ग में दिनेश धनखड़ क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गए। इसके अलावा पुनीत कुमार (92 किलोग्राम) और ओलंपियन दीपक पुनिया (97 किलोग्राम) अपने-अपने शुरुआती मुकाबले हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

भारत के पदकों की संख्या हुई पांच

इस प्रदर्शन के साथ बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज में भारत के पदकों की संख्या पांच हो गई है। इससे पहले अमन सहरावत (57 किलोग्राम) ने स्वर्ण पदक जीता था, जबकि दीपक (61 किलोग्राम) और विशाल कालीरामाना (65 किलोग्राम) ने कांस्य पदक अपने नाम किए थे।

अब भारत की नजरें विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल पर होंगी, जो शनिवार को महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। यह टूर्नामेंट इस सीजन की यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग रैंकिंग सीरीज का चौथा और अंतिम चरण है।

Navbharat Live
navbharatlive.com