

FIFA World Cup Switzerland vs Bosnia Result: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी के एक रोमांचक मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने बोस्निया एंड हर्जेगोविना के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। लॉस एंजिल्स के सोफी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में स्विस टीम ने 4-1 से बाजी मारी, लेकिन इस जीत से ज्यादा चर्चा उस करिश्मे की हो रही है जो मैच के आखिरी 20 मिनट में देखने को मिला। फुटबॉल इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी वर्ल्ड कप मैच के सभी पांच गोल 70वें मिनट के बाद किए गए हों।
स्विट्जरलैंड की इस शानदार जीत के सबसे बड़े नायक 20 वर्षीय खिलाड़ी जोहान मंजांबी रहे। मंजांबी 72वें मिनट में तब सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर आए जब दोनों टीमों का स्कोर 0-0 था। मैदान पर आने के महज दो मिनट के भीतर (74वें मिनट में) उन्होंने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 90वें मिनट में उन्होंने अपना दूसरा गोल दागकर टीम को 3-0 से आगे कर दिया।
इस प्रदर्शन के साथ ही मंजांबी ने वर्ल्ड कप के 96 साल के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। वह बेंच से आकर दो गोल करने वाले टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 2002 के वर्ल्ड कप में बने 24 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
यह मैच सब्स्टिट्यूट खिलाड़ियों के दबदबे के लिए भी याद किया जाएगा। मैच में हुए कुल 5 गोलों में से 4 गोल उन खिलाड़ियों ने किए जो शुरुआती प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। स्विट्जरलैंड के लिए मंजांबी के दो गोलों के अलावा रूबेन वर्गास ने भी बेंच से आकर गोल किया। वहीं, बोस्निया की ओर से एकमात्र गोल करने वाले एरिन महमिक भी सब्स्टिट्यूट के तौर पर ही मैदान में उतरे थे। वर्ल्ड कप इतिहास में यह केवल दूसरा ऐसा मैच है जहां सब्स्टिट्यूट खिलाड़ियों ने चार या उससे अधिक गोल किए हों। इससे पहले 1982 में हंगरी और अल साल्वाडोर के बीच हुए मैच में ऐसा हुआ था।
कतर के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद स्विट्जरलैंड के लिए यह जीत बेहद अहम थी। इस 4-1 की जीत के साथ ही स्विस टीम ने न केवल पूरे अंक हासिल किए, बल्कि अपना गोल अंतर भी बेहतर कर लिया है। मंजांबी अब स्विट्जरलैंड के लिए वर्ल्ड कप में गोल करने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले अल्फ्रेड बिकेल और चार्ल्स एंटेनन ने ही उनसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।