FIFA World Cup 2026: लगातार तीसरी बार फुटबॉल के इस महाकुंभ में जगह नहीं बना पाई इटली, तय हुईं सभी 48 टीमें

Fifa World Cup: अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में 11 जून से फीफा वर्ल्ड कप खेला जाएगा। 48 टीमों की सूची तय हो चुकी है, लेकिन इटली इस बार क्वालीफाई नहीं कर सका।
Italy's football team
इटली की फुटबॉल टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Italy Football Team: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। चार बार की चैंपियन इटली राष्ट्रीय फुटबॉल टीम लगातार तीसरी बार इस मेगा इवेंट के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही है। यूरोपीय प्लेऑफ में इटली को वर्ल्ड रैंकिंग में 66वें स्थान पर मौजूद बोस्निया और हर्जेगोविना राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा। इसी हार के साथ इटली का वर्ल्ड कप खेलने का सपना टूट गया।

बोस्निया ने रचा इतिहास

जहां इटली के लिए यह निराशाजनक खबर रही, वहीं बोस्निया और हर्जेगोविना ने इतिहास रच दिया। टीम ने पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से जीत दर्ज की और 2014 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया। यह बोस्निया का कुल दूसरा वर्ल्ड कप होगा। पेनल्टी शूटआउट में इटली के पियो एस्पोसिटो और ब्रायन क्रिस्टांटे अपने शॉट चूक गए, जबकि एस्मीर बज्रक्तरेविच ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।

वर्ल्ड कप का शेड्यूल और मेजबानी

इस बार वर्ल्ड कप का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में 11 जून से होगा। टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 12 ग्रुप में बांटा गया है। पूरे टूर्नामेंट में 104 मुकाबले खेले जाएंगे, जो तीनों देशों के 16 शहरों में आयोजित होंगे।

अमेरिका सबसे ज्यादा 78 मैचों की मेजबानी करेगा, जिसमें फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यू जर्सी में खेला जाएगा। वहीं कनाडा और मेक्सिको 13-13 मैचों की मेजबानी करेंगे, जिनमें अधिकतर ग्रुप स्टेज के मुकाबले शामिल हैं। नीचे देखिए फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्वालीफाई करने वाली सभी टीमें।

FIFA वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमें और ग्रुप

  • ग्रुप A - मेक्सिको, साउथ अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, चेकिया।
  • ग्रुप B - कनाडा, बोस्निया और हर्जेगोविना, कतर, स्विट्जरलैंड।
  • ग्रुप C - ब्राजील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड।
  • ग्रुप D - अमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, तुर्की।
  • ग्रुप E - जर्मनी, कुराकाओ, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर।
  • ग्रुप F - नीदरलैंड्स, जापान, स्वीडन, ट्यूनीशिया।
  • ग्रुप G - बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड।
  • ग्रुप H - स्पेन, केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे।
  • ग्रुप I - फ्रांस, सेनेगल, नॉर्वे, इराक।
  • ग्रुप J - अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन।
  • ग्रुप K - पुर्तगाल, डीआर कांगो, उज्बेकिस्तान, कोलंबिया।
  • ग्रुप L - इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com