FIFA: 106वें मिनट में टोरेस का कमाल, एक्स्ट्रा टाइम में स्पेन ने अर्जेंटीना को दी मात, मेसी का टूटा सपना VIDEO

FIFA World Cup 2026 Finale: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरा विश्व कप खिताब जीता। फेरान टोरेस ने 106वें मिनट में निर्णायक गोल किया।
fifa world cup 2026 spain beats argentina
स्पेन ने जीता फीफा वर्ल्ड कप 2026 (सौजन्य-IANS)
Published on
Updated on

FIFA Spain World Cup Champion: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांच से भरा रहा। स्पेन ने रविवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) अर्जेंटीना के खिलाफ फाइनल मैच में 1-0 से जीत दर्ज करते हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। सब्स्टीट्यूट फेरान टोरेस स्पेन की जीत के हीरो रहे, जिन्होंने एक्स्ट्रा टाइम में निर्णायक गोल दागते हुए टीम को साल 2010 के बाद उसका दूसरा खिताब जिताया। इसी के साथ लियोनेल मेसी का भी फीफा 2026 फाइनल जीतने का सपना टूट गया।

न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में तनावपूर्ण और कड़े मुकाबले वाले 90 मिनट बिना किसी गोल के खत्म होने के बाद, टोरेस ने आखिरकार 106वें मिनट में गतिरोध तोड़ा। इस फॉरवर्ड खिलाड़ी ने निको विलियम्स के हेडर से मिले बॉल को कंट्रोल किया और फिर बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को छकाते हुए गोल दागा। इसी के साथ 'ला रोजा' (स्पेन की टीम) ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर टाइटल अपने नाम कर लिया।

दोनों टीमों के डिफेंस ने गोल किए नाकाम

स्पेन ने लंबे समय तक बॉल पर अपना कब्जा बनाए रखा और पूरे फाइनल में बेहतर मौके बनाए, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर मार्टिनेज शानदार फॉर्म में थे, जिन्होंने बार-बार स्पेनिश टीम के हमलों को नाकाम किया। वहीं, अर्जेंटीना साफ-सुथरे मौके बनाने के लिए संघर्ष करती नजर आई और कप्तान लियोनेल मेसी को स्पेन के अनुशासित डिफेंस ने काफी हद तक रोके रखा।

मौजूदा चैंपियन को नॉर्मल टाइम के स्टॉपेज टाइम में बड़ा झटका लगा। मिडफील्डर एंजो फर्नांडीज को दूसरा 'येलो कार्ड' दिखाया गया, जिससे एक्स्ट्रा टाइम के लिए अर्जेंटीना की टीम में 10 खिलाड़ी रह गए।

106वें मिनट में दागा निर्णायक गोल

टोरेस ने मुकाबले के 106वें मिनट में मैच का पहला और इकलौता गोल दागा। इसके बाद स्पेन ने दबाव बनाना जारी रखा। इस बीच टीम को लगा कि उन्होंने एक्स्ट्रा टाइम में अपनी बढ़त दोगुनी कर ली है, लेकिन गोल से पहले फाउल होने के कारण उस प्रयास को अमान्य करार दिया गया। हालांकि, लुइस डे ला फुएंते की टीम ने संयम बनाए रखा और आसानी से मैच के आखिरी पल बिताते हुए अर्जेंटीना के विश्व चैंपियन के दौर को खत्म कर दिया।

यह जीत स्पेन के लिए एक शानदार टूर्नामेंट का समापन थी। यह टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और साल 2010 की अपनी ऐतिहासिक सफलता के बाद दूसरा फीफा वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया। अर्जेंटीना ने चार साल पहले साल 2022 में कतर में खिताब जीता था, लेकिन इस बार 'मेसी एंड कंपनी' खिताब के बेहद करीब आकर चूक गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com