

Seema Kaliramana Wins Bronze Medal In Discus Throw: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की सीमा कालिरामना ने महिलाओं की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। मुकाबले के आखिरी तीन प्रयासों में लगातार फाउल करने के बावजूद सीमा अपने तीसरे प्रयास में किए गए 58.65 मीटर के थ्रो के दम पर पदक बचाने में सफल रहीं। वहीं, भारत की दूसरी खिलाड़ी निधि रानी पदक से मामूली अंतर से चूक गईं और चौथे स्थान पर रहीं।
सीमा के लिए मुकाबले का अंत काफी तनाव भरा रहा। उन्होंने चौथे, पांचवें और छठे प्रयास में लगातार फाउल कर दिया था। इसके बाद उनकी नजर कैमरून की मोनी नोरा आतिम के आखिरी प्रयास पर थी। अगर आतिम 58.65 मीटर से ज्यादा दूरी तय कर लेतीं तो सीमा का पदक हाथ से निकल जाता, लेकिन वह अपने अंतिम प्रयास में सिर्फ 11.18 मीटर का थ्रो ही कर सकीं। इसी के साथ सीमा ने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। जमैका की सामंथा हॉल ने 61.66 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60.67 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया।
27 वर्षीय सीमा कालिरामना ने मां बनने के बाद शानदार वापसी की है। उन्होंने 2025 के राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी वापसी का ऐलान किया था। खेल के साथ-साथ वो पीएचडी की पढ़ाई भी कर रही हैं। वो अपनी खेल प्रतिभा और कड़ी मेहनत से आज देश की लाखों युवा माताओं के लिए प्रेरणा की एक नई मिसाल बन चुकी हैं
मुकाबले की शुरुआत में निधि रानी ने 53.19 मीटर का थ्रो किया था, लेकिन जल्द ही नाइजीरिया की ओबियागेरी पामेला अमेची (53.68 मीटर) और कैमरून की मोनी नोरा आतिम (55.37 मीटर) उनसे आगे निकल गईं। दूसरी ओर सीमा ने पहला प्रयास फाउल कर दिया था, क्योंकि उनका डिस्कस जाल में जा लगा। इसके बाद कनाडा की जूलिया टंक्स ने 58.21 मीटर और जमैका की सामंथा हॉल ने 59.27 मीटर का थ्रो कर बढ़त बना ली।
दूसरे प्रयास में निधि रानी ने 55.67 मीटर का थ्रो कर तीसरा स्थान हासिल किया, लेकिन सीमा ने 57.32 मीटर का थ्रो कर अपनी ही साथी खिलाड़ी को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद तीसरे प्रयास में सीमा ने 58.65 मीटर का शानदार थ्रो किया, जिसने उन्हें कांस्य पदक की दौड़ में मजबूत कर दिया। वहीं, जूलिया टंक्स ने 60.67 मीटर के साथ दूसरा स्थान और मजबूत किया। सामंथा हॉल ने चौथे प्रयास में 60.95 मीटर और पांचवें प्रयास में 61.66 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।