जिम्बाब्वे का ओमान पर डबल अटैक, पहले गेंदबाजों का, फिर बल्लेबाजों का धमाल, 13.3 ओवर में खत्म किया मुकाबला

T20 World Cup 2026: कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे और ओमान के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में जिम्बाब्बे ने ओमान 8 विकेट के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
जिम्बाब्वे का ओमान पर डबल अटैक, पहले गेंदबाजों का, फिर बल्लेबाजों का धमाल, 13.3 ओवर में खत्म किया मुकाबला
जिम्बाब्वे बनाम ओमान (फोटो सोर्स- @ZimCricketv)
Updated on

Zimbabwe vs Oman, T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच नंबर 8 में जिम्बाब्वे और ओमान की टीमें आमने-सामने थीं। यह मुकाबला कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर खेला गया। मैच में जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को 8 विकेट से हराया। ओमान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के सामने 104 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे जिम्बाब्वे ने 13.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।

ग्रुप बी में कड़ी टक्कर

जिम्बाब्वे और ओमान दोनों को ग्रुप बी में रखा गया है। इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और आयरलैंड जैसी मजबूत टीमें भी शामिल हैं। ऐसे में हर मैच का परिणाम बेहद अहम हो जाता है। सभी टीमें जीत और बेहतर स्थिति के लिए पूरी ताकत लगा रही हैं, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक बन रहे हैं।

जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी रही मजबूत

104 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने अच्छी शुरुआत की। शुरुआती तीन ओवर में ही टीम ने 30 रन बना लिए थे। हालांकि चौथे ओवर में जिम्बाब्वे को लगातार दो झटके लगे, जिससे मैच थोड़ी देर के लिए संतुलन में आ गया। इसके बाद ब्रेंडन टेलर और ब्रायन बेनेट ने संभलकर बल्लेबाजी की और टीम को जीत की ओर ले गए। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने मैच पूरी तरह जिम्बाब्वे के पक्ष में कर दिया और टीम ने 14वें ओवर के आसपास ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

ओमान की बल्लेबाजी लड़खड़ाई

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 27 रन के भीतर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए, जिससे वह दबाव में आ गई। इसके बाद विनायक शुक्ला और सुफयान महमूद ने छठे विकेट के लिए 42 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। विनायक शुक्ला ने 21 गेंदों में 28 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल थे। सुफयान महमूद ने 39 गेंदों पर 25 रन बनाए। इनके अलावा नदीम खान ने 20 रन का योगदान दिया। लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और पूरी टीम 19.5 ओवर में 103 रन पर ऑलआउट हो गई। जिम्बाब्वे की ओर से तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी, डायोन मायर्स, ब्रेंडन टेलर (विकेटकीपर), सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्धा, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजारबानी।

ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफयान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल और शकील अहमद।

Navbharat Live
navbharatlive.com