जुबीन गर्ग को म्यूजिकल श्रद्धांजलि देगा BCCI, वर्ल्ड कप के उद्घाटन समारोह में होगा विशेष कार्यक्रम

Women's World Cup Opening Ceremony: महिला वर्ल्ड कप के उद्घाटन मुकाबले से पहले बीसीसीआई जुबीन गर्ग को म्यूजिकल श्रद्धांजलि देने का फैसला किया है। इस टूर्नामेंट का आगाज 30 सितंबर से होगा।
bcci jubin garg
Published on
Updated on

Women's World Cup Opening Ceremony: महिला वर्ल्ड कप 2025 का आगाज 30 सितंबर से होगा। इस मुकाबले से पहले उद्घाटन समारोह में असम की सांस्कृतिक हस्ती जुबीन गर्ग को एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी। गुवाहाटी में इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा।

इस मुकाबले और उद्घाटन समारोह में असम क्रिकेट एसोसिएशन ने पांच हजार मुफ्त टिकट बांटने का फैसला किया है। असम क्रिकेट संघ (एसीए) के अधिकारियों ने बताया कि ‘शिलांग चैंबर क्वायर' के अलावा अंगराग पापोन महंत और जोई बरुआ सहित राज्य के प्रमुख कलाकार संगीतमय श्रद्धांजलि प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह के दौरान यह 40 मिनट की विशेष प्रस्तुति होगी।

5 हजार टिकट मुफ्त में बांटे जाएंगे

एसीए ने 30 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच यहां खेले जाने वाले उद्घाटन मैच के लिए गर्ग के प्रशंसकों के लिए पांच हजार मुफ्त टिकट वितरित करने की भी व्यवस्था की है। गुवाहाटी खेल संघ (जीएसए) सोमवार को एसीए की ओर से मुफ्त टिकट वितरित करेगा। एक अधिकारी ने बताया कि टिकट सुबह 10 बजे से गुवाहाटी के नेहरू स्टेडियम स्थित जीएसए कार्यालय में उपलब्ध होंगे।

गर्ग (52 वर्ष) का 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में डूबने से निधन हो गया था जिससे पूरे राज्य में अपने प्रिय गायक-संगीतकार के निधन पर शोक की लहर दौड़ गई थी। गर्ग को खेलों, विशेषकर फुटबॉल के प्रति प्रेम के लिए भी जाना जाता था और उन्होंने कई मैत्रीपूर्ण फुटबॉल और क्रिकेट मैचों में भाग लिया था।

30 से भारतीय महिला टीम की अभियान का होगा शुरुआत

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत अपने अभियान की शुरुआत 30 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ गुवाहाटी में करेगा। इसके बाद 5 अक्टूबर को भारत का बड़ा मुकाबला चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से कोलंबो में होगा। 9 अक्टूबर को टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका से विशाखापट्टनम में भिड़ेगी। 12 अक्टूबर को भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से फिर उसी मैदान पर होगा। 19 अक्टूबर को भारत की टक्कर इंग्लैंड से इंदौर में होगी, जबकि 23 अक्टूबर को वह न्यूजीलैंड के खिलाफ नवी मुंबई में खेलेगा। भारत का आखिरी लीग मैच 26 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ नवी मुंबई में होगा।

महिला वर्ल्ड कप में भारत के मुकाबले

तारीख दिन भारत बनाम स्थान समय
30 सितंबर मंगलवार श्रीलंका गुवाहाटी 3:00 PM
5 अक्टूबर रविवार पाकिस्तान कोलंबो 3:00 PM
9 अक्टूबर गुरुवार दक्षिण अफ्रीका विशाखापट्टनम 3:00 PM
12 अक्टूबर रविवार ऑस्ट्रेलिया विशाखापट्टनम 3:00 PM
19 अक्टूबर रविवार इंग्लैंड इंदौर 3:00 PM
23 अक्टूबर गुरुवार न्यूजीलैंड नवी मुंबई 3:00 PM
26 अक्टूबर रविवार बांग्लादेश नवी मुंबई 3:00 PM
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com