Women’s Asia Cup Rising Stars 2026 के फाइनल में पहुंची बांग्लादेश, भारतीय टीम के साथ होगा खिताबी मुकाबला

विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए ने पाकिस्तान ए को 54 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फहीमा खातून और संजीदा अख्तर मेघला के प्रदर्शन ने टीम को जीत दिलाई।
Bangladesh A Women vs Pakistan A Women
बांग्लादेश ए (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangladesh A Women vs Pakistan A Women: विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में बांग्लादेश ए की टीम फाइनल में पहुंच चुकी है। दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए ने पाकिस्तान ए को 54 रनों से करारी शिकस्त देकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। वहीं इस हार के साथ पाकिस्तान का फाइनल खेलने का सपना टूट गया।

अब विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का फाइनल मुकाबला भारत ए और बांग्लादेश ए के बीच खेला जाएगा। यह मुकालबा 22 फरवरी को बैंकॉक के टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। भारतीय महिला ए टीम ने श्रीलंका ए टीम को 6 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली थी।

110 पर सिमटी बांग्लादेश की टीम

बैंकॉक में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। पूरी टीम सिर्फ 110 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश के लिए कप्तान फहीमा खातून ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 40 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी पारी के दौरान फहीमा ने 5 चौके जमाए। उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। शर्मिन सुल्ताना ने 15 रनों का योगदान दिया, जबकि शमिमा ने 13 रन बनाए। गेंदबाजी में पाकिस्तान की ओर से कप्तान हफ्सा खालिद ने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट लिए।

छोटे लक्ष्य का पीछा करने में बिखरी पाकिस्तान की टीम

111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। पूरी टीम 56 रन पर ऑलआउट हो गई। सर्वाधिक 14 रन शावाल जुल्फिकार के बल्ले से आए। हफ्सा ने 15 गेंदों में 12 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बैटर दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। जबकि चार बैटर तो खाता भी नहीं खोल सकी। गेंदबाजी में बांग्लादेश की ओर से संजीदा अख्तर मेघला ने 3.3 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट लिए। फहीमा खातून ने 6 रन देकर दो विकेट लिए।

बांग्लादेश की भिड़ंत फाइनल मैच में भारत के साथ होगी। पहले सेमीफाइनल में राधा यादव की कप्तानी में भारत ए टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को हराते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com