

Virat Kohli Create History in T20 Cricket against GT: आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ विराट कोहली भले ही 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इस छोटी पारी में ही उन्होंने बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोहली अब एशियाई धरती पर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 340 पारियों में 12000 रन पूरे कर इतिहास रच दिया।
कोहली ने इस मुकाबले में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 450 छक्के पूरे कर लिए। ऐसा करने वाले वह भारत के दूसरे बल्लेबाज बने हैं, जबकि इस सूची में शीर्ष पर रोहित शर्मा का नाम है। यह उपलब्धि कोहली की आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार उदाहरण है।
मैच में कगिसो रबाडा के खिलाफ कोहली ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने एक ही ओवर में लगातार पांच चौके जड़कर गेंदबाज को पूरी तरह दबाव में डाल दिया। दूसरे ओवर में उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और मैच का माहौल बना दिया।
हालांकि, एक बेहतरीन गेंदबाज की तरह रबाडा ने वापसी करते हुए विराट कोहली को आउट कर दिया। बैक ऑफ लेंथ गेंद पर कोहली पुल शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद अतिरिक्त उछाल के कारण बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई। शॉर्ट मिडविकेट पर खड़े राशिद खान ने आसान कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत किया। 28 रन बनाकर आउट होने के बाद कोहली के चेहरे पर निराशा साफ दिखाई दी, लेकिन इस छोटी पारी में उन्होंने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली।