गुरिंदरवीर की सफलता का श्रेय लेने पर भड़के विजेंदर सिंह, पंजाब सरकार की सोशल मीडिया पर की कड़ी आलोचना

Gurindervir Singh: गुरिंदरवीर सिंह के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के बाद विजेंदर सिंह ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को पदक जीतने के बाद नहीं, संघर्ष के दौरान समर्थन मिलना चाहिए।
Vijender Singh Criticizes Punjab Government for Claiming Credit for Gurindervir's Success
गुरिंदरवीर सिंह और भगवंत मान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Vijender Singh criticized Punjab Government: भारतीय मुक्केबाजी स्टार विजेंदर सिंह ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले धावक गुरिंदरवीर सिंह की उपलब्धि पर पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया है। उनका कहना है कि खिलाड़ियों को सम्मान और समर्थन तब मिलना चाहिए जब वे संघर्ष कर रहे हों, न कि बड़ी सफलता हासिल करने के बाद।

गुरिंदरवीर के हालिया इंटरव्यू का जिक्र करते हुए विजेंद्र ने कहा, "धावक ने खुद माना था कि सरकारी नौकरी मिलने के बावजूद उन्हें न तो राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम में जाने का मौका मिला और न ही सरकार से सही समर्थन मिला।"

पंजाब सरकार श्रेय लेने आगे आई- विजेंदर सिंह

विजेंदर सिंह ने एक्स पर लिखा, "पंजाब सरकार अब गुरिंदरवीर सिंह का श्रेय लेने के लिए आगे आई है, लेकिन अगर आप उनका इंटरव्यू सुनें, तो वह साफ कहते हैं कि उन्हें न तो राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम मिला और न ही सरकार से सही समर्थन मिला। उन्होंने उन्हें सरकारी नौकरी दी, लेकिन फिर अभ्यास और तैयारी के लिए सही माहौल दिए बिना ड्यूटी पर भेज दिया। गुरिंदरवीर ने जैसे ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा, हर कोई श्रेय लेने के लिए दौड़ पड़ा। एथलीट को जीतने के बाद सपोर्ट की जरूरत नहीं होती - उन्हें अपने संघर्ष के दौरान सपोर्ट की जरूरत होती है।"

रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवाया नाम

25 साल के गुरिंदरवीर ने शनिवार को रांची में नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कॉम्पिटिशन 2026 के दौरान रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराया। रिलायंस का प्रतिनिधित्व करते हुए पंजाब के धावक ने पुरुषों की 100 मीटर रेस में 10.09 सेकंड का समय निकालकर अपना क्राउन वापस जीता। उन्होंने सबसे पहले ओपनिंग सेमीफाइनल हीट में 10.17 सेकंड का समय लेकर अनिमेष कुजूर के 10.18 सेकंड के पिछले नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ा।

गुरिंदरवीर सिंह के नया नेशनल रिकॉर्ड बनाने के बाद, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 24 मई को एक्स पर पोस्ट किया, "रांची में फेडरेशन कप में 100-मीटर फ्रीस्टाइल रेस में गोल्ड मेडल जीतने के लिए हमारे होनहार एथलीट गुरिंदरवीर सिंह को दिल से बधाई। हमारे बहादुर बेटे ने सिर्फ 10.09 सेकंड में रेस पूरी करके नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया है। गुरिंदरवीर 100-मीटर रेस में 10.10 सेकंड से कम समय में रेस पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। दो दिन में दूसरा राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर, पंजाब के बेटे ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है।"

IANS इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com