Vaibhav Sooryavanshi: 52 गेंद..28 छक्के..204 रन की पारी से करियर में दिखेगा बदलाव, अब आने वाले हैं ये चैलेंज

History Maker Vaibhav Sooryavanshi:15 साल के वैभव ने UAE के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन बनाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतक का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। जानिए यह पारी उनके करियर को कैसे बदलेगी।
Vaibhav Sooryavanshi Future Plan After Fastest Double Hundred
वैभव सूर्यवंशीसौजन्य-IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंदों में जड़ा दोहरा शतक

  • एक पारी में 28 छक्के लगाने का बनाया विश्व रिकॉर्ड

  • भारत-ए ने 14.2 ओवर में हासिल किया 250 का लक्ष्य

  • इस ऐतिहासिक पारी से खुलेंगे सीनियर वनडे टीम के दरवाजे

  • स्टारडम और फिटनेस संभालना होगी वैभव की सबसे बड़ी चुनौती

Vaibhav Sooryavanshi Future Plan Fastest Double Hundred: भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की यह ऐतिहासिक पारी उनके क्रिकेट करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है। उन्होंने 24 नवंबर 2026 को UAE के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रनों की तूफानी पारी खेलकर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतक का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

दोहा में आयोजित 'ACC मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026' के तहत इंडिया-A की ओर से खेलते हुए वैभव ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी और क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया।

एक ही पारी में ध्वस्त किए कई बड़े विश्व रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस अविश्वसनीय पारी के दौरान 384.91 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने अपना शतक सिर्फ 28 गेंदों में पूरा किया, जिससे जेक फ्रेजर-मैकगर्क का विश्व रिकॉर्ड टूट गया। इसके बाद उन्होंने महज 52 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ दिया।

अपनी 204 रनों की पारी में वैभव ने 28 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके लगाए, जो किसी भी प्रोफेशनल मैच की एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का नया विश्व रिकॉर्ड है। वैसे अगर देखा जाए तो यह रिकॉर्डतोड़ पारी वैभव के लिए मानसिक रूप से भी बेहद खास है। इस टूर्नामेंट के पिछले दो मुकाबलों में वे कुछ खास नहीं कर पाए थे।

नेपाल के खिलाफ 26 रन और पाकिस्तान-ए के खिलाफ सिर्फ 11 रन पर आउट होने के कारण उन पर काफी दबाव था। लेकिन यूएई के खिलाफ इस विस्फोटक पारी से उन्होंने सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। वैभव के इस तूफान की बदौलत भारत-ए ने 250 रनों का बड़ा लक्ष्य महज 14.2 ओवर में ही हासिल कर लिया।

खुलेंगे सीनियर वनडे सहित तीनों फॉर्मेट के दरवाजे

इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद वैभव के क्रिकेट जीवन में बड़े बदलाव आने तय हैं। वे भारत की टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम में पहले ही पदार्पण कर चुके हैं। अब लिस्ट-ए क्रिकेट में इस विस्फोटक पारी के बाद भारतीय चयनकर्ता उन्हें सीनियर वनडे टीम और तीनों फॉर्मेट के संभावित मैच विनर के रूप में गंभीरता से देखेंगे।

अपने जमाने के विस्फोटक बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों द्वारा तारीफ किए जाने के बाद दुनिया भर की फ्रेंचाइजी और विपक्षी टीमों के बीच उनकी पहचान एक ऐसे एक्स-फैक्टर खिलाड़ी की बन गई है, जो अकेले दम पर मैच पलट सकता है।

Vaibhav Sooryavanshi Future Plan After Fastest Double Hundred
Vaibhav Sooryavanshi Story: हर बॉल पर मारते हैं चौके-छक्के, बजरंगबली के भक्त हैं वैभव सूर्यवंशी

बड़े मंच पर दबाव झेलने का बढ़ेगा आत्मविश्वास

पिछली दो पारियों की असफलता के बाद इस तरह की वापसी करना किसी भी युवा खिलाड़ी के आत्मविश्वास को आसमान पर पहुंचा देता है। इस विश्व रिकॉर्ड पारी से वैभव को बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर दबाव झेलने की सीख मिलेगी।

साथ ही, अपनी स्वाभाविक आक्रामक बल्लेबाजी शैली पर भरोसा कायम रखने की ताकत भी मिलेगी। अब विपक्षी गेंदबाजों के मन में उनके नाम का खौफ साफ तौर पर देखने को मिलेगा, जिसका फायदा उन्हें आगामी बड़े टूर्नामेंट्स में जरूर मिलेगा।

परिस्थिति के अनुसार बल्लेबाजी का सीखना होगा हुनर

इतनी कम उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद अब वैभव के सामने चुनौतियां भी बड़ी होंगी। करियर को लंबा बनाने के लिए उन्हें परिस्थिति के अनुसार बल्लेबाजी यानी टेम्परमेंट दिखाना होगा। जैसा कि वैभव ने खुद बताया कि उन्होंने अपने कोच ऋषिकेश कानिटकर की सलाह पर पहले पिच को परखा और फिर बड़े शॉट खेले। उन्हें यही समझदारी स्विंग और सीमिंग पिचों पर भी दिखानी होगी।

इसके अलावा, आक्रामक खेल में जल्दी आउट होने का जोखिम रहता है, इसलिए उन्हें पारियों में निरंतरता लानी होगी और रेड-बॉल क्रिकेट में भी अपनी तकनीक मजबूत करनी होगी, जहां उनका औसत सीमित ओवरों से कम है।

Vaibhav Sooryavanshi Future Plan After Fastest Double Hundred
52 गेंदों में दोहरा शतक, समस्तीपुर में पटाखों से गूंजा वैभव सूर्यवंशी का गांव, घर पर मनी दिवाली, देखें VIDEO

स्टारडम के साथ-साथ फिटनेस संभालने की चुनौती

महज 15 साल की उम्र में इतनी अधिक मीडिया चर्चा, शोहरत और फैंस की अपेक्षाओं का बोझ किसी भी युवा खिलाड़ी का ध्यान भटका सकता है। ऐसे में वैभव के लिए जमीन से जुड़े रहना और अपने बेसिक्स पर लगातार काम करते रहना सबसे जरूरी होगा।

इसके साथ ही, तीनों फॉर्मेट और आईपीएल जैसे व्यस्त शेड्यूल में शरीर पर काफी दबाव पड़ता है। इसलिए इस युवा उम्र में उन्हें अपनी फिटनेस, मांसपेशियों की मजबूती और चोटों से बचाव के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देना होगा।

इसके साथ ही उनको अपने बढ़ते वजन पर भी ध्यान देना होगा, क्योंकि अगर वजन अधिक हो गया तो इससे उनका खेल प्रभावित होगा। रनिंग बिटवीन विकेट्स और अच्छी फील्डिंग के लिए उनको अपना वजन कम रखने पर भी फोकस करना होगा। नहीं तो उनका करियर बहुत लंबा नहीं चल पाएगा।