शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में फंसे डेविड वॉर्नर, कोर्ट में कबूला जुर्म; अब हो सकती है जेल

David Warner Case: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में कोर्ट में जुर्म कबूल कर लिया है। इस मामले में 18 अगस्त सजा का ऐलान किया जाना है।
David Warner in trouble over drunk driving; admits guilt in court; now faces possible jail time.
डेविड वॉर्नर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

David Warner Drink And Drive Case: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तूफानी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में कोर्ट के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 5 अप्रैल 2026 में सिडनी में ईस्टर संडे के दिन रैंडम ब्रीथ टेस्ट के दौरान वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया था। वॉर्नर के वकील बॉबी हिल ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि क्रिकेटर अपनी गलती स्वीकार करेंगे और उन्होंने अपने फैसले को 'लापरवाही भरा' और 'मूर्खतापूर्ण' बताया था।

वाइन पी कर चला रहे थे गाड़ी

कोर्ट में सुनवाई के दौरान वकील ने बताया कि डेविड वॉर्नर ने एक दोस्त के अपार्टमेंट में तीन गिलास वाइन पी थी। इसके बाद उन्होंने टैक्सी या उबर लेने की बजाय खुद कार चलाने का फैसला किया, जिसे उन्होंने बाद में अपनी बड़ी गलती माना। वकील ने कहा कि वॉर्नर जानते हैं कि उन्होंने गलत किया और वो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं।

18 अगस्त को सजा का ऐलान

कोर्ट ने मामले में सजा सुनाने के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की है। अगर दोषी करार दिए जाते हैं तो वॉर्नर पर कम से कम छह महीने के लिए ड्राइविंग बैन, 2200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना और अधिकतम 9 महीने की जेल की सजा भी हो सकती है।

इंटरनेशनल क्रिकेट से ले चुके है संन्यास

डेविड वॉर्नर ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। फिलहाल वो पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की टीम कराची किंग्स के कप्तान हैं। इसके अलावा वो ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टीम सिडनी थंडर की भी कप्तानी कर रहे हैं।

क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स ने जताई चिंता

मामले के सामने आने के बाद क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ली जर्मन ने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि हम सुरक्षित ड्राइविंग का समर्थन करते हैं, शराब पीकर गाड़ी चलाने का नहीं।

वॉर्नर ने मानी अपनी गलती

डेविड वॉर्नर के वकील बॉबी हिल ने अदालत में कहा कि उनके क्लाइंट को अपनी गलती का पूरा एहसास है। उन्होंने कहा कि वॉर्नर जानते हैं कि उन्हें कार चलाने की बजाय उबर लेनी चाहिए थी। उन्होंने गलत फैसला लिया और वो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com