आज ही के दिन खेला गया था टेस्ट क्रिकेट का पहला मुकाबला, 1877 में हुई थी इसकी शुरुआत
ENG vs AUS, 1st Ever: टेस्ट क्रिकेट 5 दिन का सर्वोत्तम फॉर्मेट है। पहला आधिकारिक टेस्ट 1877 में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में खेला गया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 45 रन से जीता।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड पहला मुकाबला (फोटो-सोशल मीडिया)
1st Test Match in Cricket History: टेस्ट क्रिकेट को क्रिकेट का सबसे बेहतरीन फॉर्मेट माना जाता है। यह मैच 5 दिन और 4 पारियों में खेला जाता है। टेस्ट क्रिकेट हर खिलाड़ी को अपनी काबिलियत दिखाने का पूरा मौका देता है, चाहे वह बल्लेबाज हो या गेंदबाज। इस फॉर्मेट में सिर्फ प्रतिभा ही नहीं, बल्कि धैर्य और खेल के प्रति लगन भी जरूरी होती है। जो खिलाड़ी इस चुनौती पर खरा नहीं उतरते, वे टेस्ट क्रिकेट में सफल नहीं हो पाते।
टेस्ट क्रिकेट का इतिहास बहुत पुराना है। पहला आधिकारिक टेस्ट 15 से 19 मार्च 1877 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। यह मैच टेस्ट क्रिकेट के उस महान परंपरा की एक शुरुआत थी जो टी20 फॉर्मेट के दौर में भी बेहद रोमांचक बना हुआ है। आज क्रिकेट के पहले मैच को कुल 149 साल हो गए हैं।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था पहला मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था। मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान डेव ग्रेगरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। सलामी बल्लेबाज चार्ल्स बैनरमैन को छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका था।
सम्बंधित ख़बरें
Rohit Sharma Birthday: रोहित शर्मा के जन्मदिन पर पत्नी रितिका ने साझा किया खास पोस्ट, देखें ये भावुक पंक्तियां
IPL 2026: रियान पराग को मिली स्मोकिंग की सजा, आईपीएल ने लिया सख्त एक्शन; लगा भारी जुर्माना
विदर्भ के खिलाड़ियों को बड़ा मंच, नागपुर की लीग से आईपीएल तक, VPL बना नया प्लेटफॉर्म
RCB vs GT Head To Head: कौन किस पर भारी? आंकड़ों में देखें दोनों टीमों की अब तक की महाजंग
बैनरमैन ने पहले टेस्ट में लगाया था शतक
रिटायर्ड हर्ट होने से पहले बैनरमैन ने 165 रन की पारी खेली थी। टॉम गैरेट नाबाद 18 रन बनाकर दूसरे शीर्ष स्कोरर रहे थे। जैक ब्लेकहैम ने 17, ब्रेंसबी कूपर ने 15 और टॉम होरान ने 12 रन बनाए थे। इन चारों को अलावा कोई भी बल्लेबाज 2 अंकों में प्रवेश नहीं कर सका था। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 245 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए अल्फ्रेड शॉ और जेम्स साउथर्टन ने 3-3, जबकि एलेन हिल और जेम्स लिलीव्हाइट जूनियर ने 1-1 विकेट लिए थे।
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को मिली थी बढ़त
इंग्लैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज हैरी जुप ने 63, हैरी चार्लवुड ने 36 और एलेन हिल ने नाबाद 35 रन बनाए थे। इन तीनों बल्लेबाजों की बदौलत इंग्लैंड पहली पारी में 196 रन तक पहुंच सकी और पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया से 49 रन से पिछड़ गई थी। ऑस्ट्रेलिया के लिए बिली मिडविंटर ने 5, टॉम गार्रेट ने 2, जबकि जॉन हॉजेस, टॉम कैंडल और नैट थॉमसन ने 1-1 विकेट लिए थे।
ऑस्ट्रेलिया ने जीता था इतिहास का पहला टेस्ट
ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 104 रन पर सिमट गई थी। इंग्लैंड के लिए अल्फ्रेड शॉ ने 5, जॉर्ज उलिएट ने 3, जबकि एलेन हिल और जेम्स लिलीव्हाइट ने 1-1 विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में मिले 49 रन की बढ़त के आधार पर इंग्लैंड को जीत के लिए 154 रन का लक्ष्य दिया था। इंग्लैंड की बल्लेबाजी दूसरी पारी में भी निराशाजनक रही और 108 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉम केंडल ने 7, जॉन हॉजेस ने 2 और बिली मिडविंटर ने 1 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: ‘ICC से बड़ा कोई भी देश नहीं…’, जय शाह ने पाकिस्तान-बांग्लादेश ड्रामे पर तोड़ी चुप्पी
इस तरह पहला आधिकारिक टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने 45 रन से जीता था। इस मैच के साथ ही न सिर्फ टेस्ट क्रिकेट, बल्कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट की रोमांचक प्रतिस्पर्धा, जिसने बाद में एशेज का रूप लिया, उसकी शुरुआत हुई थी।
पहले आधिकारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन पर नजर
ऑस्ट्रेलिया: चार्ल्स बैनरमैन, नेट थॉमसन, टॉम होरान, डेव ग्रेगरी (कप्तान), ब्रैंसबी कूपर, बिली मिडविन्टर, नेड ग्रेगरी, जैक ब्लैकहम (विकेटकीपर), टॉम गैरेट, टॉम केंडल, जॉन हॉजेस।
इंग्लैंड: हैरी जुप, जॉन सेल्बी (विकेटकीपर), हैरी चार्लवुड, जॉर्ज उलिएट, एंड्रयू ग्रीनवुड, टॉम आर्मिटेज, अल्फ्रेड शॉ, टॉम एम्मेट, एलन हिल, जेम्स लिलीवाइट (जूनियर) (कप्तान), जेम्स साउथर्टन।
