IND vs PAK: मिशन कोलंबो फतह कर टीम इंडिया की घर वापसी, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा अलगा मैच

Indian Cricket Team: कोलंबो में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम स्वदेश लौट रही है। भारत ने पहले 175 रन बनाए और फिर पाकिस्तान को 18 ओवर में 114 रन पर समेटते हुए 61 रन से जीत दर्ज की।
रन रेट का चक्रव्यू कैसे तोड़ेगी टीम इंडिया, माइनल से प्लस में आने के लिए क्या करना होगा? जानें समीकरण
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IND vs PAK, T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान पर बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम सोमवार को कोलंबो हवाई अड्डे पर स्वदेश लौटने के लिए पहुंची। टीम ने रविवार को खेले गए मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। अब सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम अहमदाबाद पहुंचेगी, जहां उसे अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में नीदरलैंड का सामना करना है। भारत और नीदरलैंड के बीच यह मैच बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ग्रुप ए में भारत ने लगातार तीन जीत दर्ज कर अंक तालिका में मजबूत स्थिति हासिल की है और अगले चरण में प्रवेश कर लिया है।

कोलंबो में एकतरफा मुकाबला

भारत और श्रीलंका इस विश्व कप की संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं। पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में तय होने के कारण भारतीय टीम कोलंबो पहुंची थी। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सात विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की अहम साझेदारी की। तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया।

गेंदबाजों ने किया कमाल

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। हार्दिक पंड्या ने 16 रन देकर दो विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने भी 17-17 रन देकर दो-दो विकेट झटके। अक्षर पटेल ने 29 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। उस्मान खान ने 44 रन बनाए, जबकि शाहीन शाह अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका।

ईशान बने मैच के नायक

ईशान किशन को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उनकी आक्रामक पारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया और मैच की दिशा तय कर दी। इस जीत के साथ भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। 2023 विश्व कप फाइनल के बाद से भारत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के टूर्नामेंटों में लगातार 16 मुकाबले जीत लिए हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के नाम लगातार 15 जीत का रिकॉर्ड था।

पाकिस्तान पर भारत की बढ़त कायम

टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ नौ मुकाबलों में आठवीं जीत रही। पाकिस्तान को इस प्रतिद्वंद्विता में अब तक केवल एक जीत मिली है। इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मंच पर भारतीय टीम का प्रदर्शन लगातार मजबूत रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com