

Kamlesh Jain BCCI Contract Non-Renewal: भारतीय क्रिकेट टीम पिछले कुछ महीनों से खिलाड़ियों की चोट और फिटनेस से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही है। इसी बीच टीम इंडिया के फिजियोथेरेपिस्ट कमलेश जैन का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। बीसीसीआई ने उनके कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।
कमलेश जैन जून 2022 में भारतीय टीम के साथ जुड़े थे और करीब 4 साल से खिलाड़ियों की फिटनेस पर काम कर रहे थे। फिलहाल वो 3 महीने के नोटिस पीरियड पर हैं और बोर्ड से रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। दिसंबर में होने वाला न्यूजीलैंड दौरा उनका टीम के साथ आखिरी असाइनमेंट हो सकता है, हालांकि बीसीसीआई इससे पहले भी उन्हें रिलीज कर सकता है।
जैन अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली 3 मैचों की T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ दिल्ली जाएंगे। चेन्नई के रहने वाले कमलेश जैन ने नितिन पटेल की जगह ली थी। नितिन पटेल के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाने के बाद जैन को टीम के साथ जोड़ा गया था।
पटेल बाद में मुंबई इंडियंस से जुड़ गए। कमलेश जैन इससे पहले आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी काम कर चुके हैं। भारतीय टीम में उनके कार्यकाल के दौरान राहुल द्रविड़ मुख्य कोच थे।
भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के लिए जैन पर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि, अन्य रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन्होंने खुद इस्तीफा दिया और उनके खिलाफ किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात नहीं थी। बताया जा रहा है कि लगातार सीरीज और लंबे दौरों के कारण उन्हें परिवार के लिए समय निकालना मुश्किल हो रहा था।
बीसीसीआई की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में हाल के दिनों में कई बदलाव हुए हैं। सहायक कोच रयान टेन डोएशेट भी टीम से अलग हो चुके हैं, जबकि फील्डिंग कोच टी. दिलीप को हटा दिया गया है।
इससे पहले अभिषेक नायर ने भी टीम का साथ छोड़ दिया था। ऐसे में कमलेश जैन का कार्यकाल खत्म होना भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में चल रहे बदलाव का एक और हिस्सा माना जा रहा है।