टीबी मुक्त भारत अभियान में दिल्ली पुलिस ने सांसद-11 को हराया, समाज में जागरूकता के लिए खेला गया ये मुकाबला

TB Free India: 'टीबी मुक्त भारत' अभियान के तहत दिल्ली पुलिस 11 और एमपी 11 के बीच क्रिकेट मैच हुआ। दिल्ली पुलिस ने 12 रनों से जीत हासिल की। सांसदों ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने की बात की।
Delhi Police 11 vs MP 11
दिल्ली पुलिस बनाम सांसद-11 (फोटो-स्क्रीनशॉट)
Published on: 
Updated on: 

Delhi Police 11 vs MP 11: 'टीबी मुक्त भारत' मिशन के तहत नई दिल्ली में एमपी-11 और दिल्ली पुलिस के बीच रविवार को एक क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। इस मैच का उद्देश्य टीबी के प्रति जागरुकता फैलाना है। इस मुकाबले में दिल्ली पुलिस ने 12 रनों से जीत हासिल की। यह मुकाबला काफी रोमांचक हुआ। जिसमें एमपी-11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।

शिव सेना के सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा, "टीबी मुक्त भारत के तहत एमपी 11 और अन्य टीमों के बीच मैच खेला जाता है। आज का मैच दिल्ली पुलिस के साथ था। ऐसे मैचों के माध्यम से टीबी उन्मूलन का ध्येय पूरा होता दिखायी देता है। ऐसे मैचों का आयोजन होते रहना चाहिए। हम 12 साल से ऐसे मैच खेलते रहे हैं।" उन्होंने कहा कि एमपी लोगों को मैच खेलने का कम समय मिलता है, लेकिन हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है।

भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा, "एमपी-11 और दिल्ली पुलिस के मैच में कोई जीते या कोई हारे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हमारा अंतिम लक्ष्य टीबी को हराना है और हम इसे प्राप्त करेंगे।" सौमित्र खान ने कहा कि इस बार बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहेगा और हम सरकार बनाएंगे।

अनुराग ठाकुर ने क्या कहा?

भाजपा नेता अनुराग ठाकुर की पहल पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सांसद 'टीबी हारेगा, देश जीतेगा' का संदेश देने के लिए मैत्रीपूर्ण मैच खेलते हैं। विभिन्न दलों के सांसदों की 'एमपी-11' टीम राजनेताओं, पुलिस या सेलिब्रिटी एकादश के खिलाफ मैच खेलती है। इन मैचों का एकमात्र उद्देश्य टीबी के बारे में जागरूकता बढ़ाना और भारत को टीबी मुक्त बनाना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारत में टीबी के प्रति जागरुकता बढ़ी है और मरीजों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है।

अनुराग ठाकुर और मनोज तिवारी जैसे सांसद लेते हैं भाग

अनुराग ठाकुर और मनोज तिवारी जैसे सांसद ऐसे मैचों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। दोनों ही भाजपा सांसद अपने समय में बेहतरीन क्रिकेटर रहे हैं। अनुराग ठाकुर क्रिकेट में प्रशासनिक रूप से भी बेहद सक्रिय रहे हैं। वह हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और बीसीसीआई के अध्यक्ष रह चुके हैं। इस दौरान बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और सांसद राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com