सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वरुण चक्रवर्ती को मिली नई जिम्मेदारी, तमिलनाडु ने नियुक्त किया कप्तान

Varun Chakaravarthy named Tamil Nadu captain: भारतीय टीम के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट के लिए तमिलनाडु का कप्तान नियुक्त किया गया है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वरुण चक्रवर्ती को मिली नई जिम्मेदारी, तमिलनाडु ने नियुक्त किया कप्तान
वरुण चक्रवर्ती (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Varun Chakaravarthy named Tamil Nadu captain: भारतीय टीम के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 के लिए तमिलनाडु का कप्तान नियुक्त किया गया है। भारत की घरेलू टी20 टूर्नामेंट की शुरुआत 26 नवंबर से होने जा रही है। भारतीय बल्लेबाज नारायण जगदीशन देश के इस प्रमुख टी20 टूर्नामेंट में तमिलनाडु के उप कप्तान होंगे।

यह किसी भी स्तर पर वरुण चक्रवर्ती का पहला कप्तानी कार्यकाल होगा। उन्होंने इस पद पर एम शाहरुख खान की जगह ली है। चक्रवर्ती ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी की सरजमीं पर भारत की टी20 श्रृंखला में 2-1 से जीत में अहम भूमिका निभाते हुए तीन मैच में पांच विकेट लिए थे।

भारत की ओर से 4 वनडे मुकाबलों में 10 विकेट हासिल कर चुके वरुण चक्रवर्ती को 29 टी20 मुकाबलों में भी मौका मिला, जिसमें उन्होंने 45 विकेट अपने नाम किए। 27 लिस्ट-ए मुकाबलों में चक्रवर्ती ने 69 विकेट निकाले। इसके अलावा, इकलौते फर्स्ट क्लास मुकाबले में इस खिलाड़ी ने 1 विकेट हासिल किया।

बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर और आंद्रे सिद्धार्थ भी टीम का हिस्सा हैं। भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को भी टीम में शामिल किया गया है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु की टीम एलीट ग्रुप डी में है। इस ग्रुप में तमिलनाडु के अलावा, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, कर्नाटक, त्रिपुरा, सौराष्ट्र और झारखंड की टीमें भी हैं। वे अहमदाबाद में राजस्थान के खिलाफ मैच के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

रणजी ट्रॉफी में नहीं अच्छा रहा तमिलनाडु का प्रदर्शन

मौजूदा रणजी ट्रॉफी में तमिलनाडु का प्रदर्शन सामान्य रहा है। यह टीम चार मैचों में दो हार और दो ड्रॉ के बाद अपने ग्रुप में छठे स्थान पर है। इस टीम ने झारखंड के खिलाफ पारी और 114 रन से हार झेलने के बाद नागालैंड और विदर्भ के खिलाफ ड्रॉ खेला, जिसके बाद आंध्र प्रदेश के विरुद्ध मुकाबला 4 विकेट से गंवाया।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए तमिलनाडु की टीम

वरुण चक्रवर्ती (कप्तान), नारायण जगदीशन, तुषार रहेजा, वीपी अमित सात्विक, शाहरुख खान, आंद्रे सिद्धार्थ, प्रदोष रंजन पॉल, शिवम सिंह, आर साई किशोर, एम सिद्धार्थ, टी नटराजन, गुरजपनीत सिंह, ए एसाक्कीमुथु, आर सोनू यादव, आर सिलंबरासन और एस ऋतिक ईश्वरन।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com