भारतीय टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
ICC Men’s T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड का मुकाबला शुरू हो गया है। भारतीय टीम को सुपर-8 में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के मुकाबले में भारतीय टीम को 76 रनों से हराया है। यह वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की सबसे बड़ी हार है। वहीं टी20 क्रिकेट में यह भारतीय टीम की दूसरी बड़ी हार है।
भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को छोड़कर कोई भी बड़ी टीमों को नहीं हराया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम पूरी तरह से बिखर गई। इस हार के बाद भारतीय टीम पर कई बड़े सवाल उठने लगे हैं। क्या संजू सैमसन को प्लेइंग में शामिल करने से सारी चीजें ठीक हो जाएगी। ऐसा नहीं है, क्योंकि भारतीय टीम में एक, दो नहीं बल्कि तीन बल्लेबाजों की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है।
इस वर्ल्ड कप में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह का फॉर्म चिंता बनी हुई है। अभिषेक शर्मा लगातार रन बनाने में नाकाम रहे हैं। वहीं तिलक वर्मा भी स्टार्ट के बाद बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके हैं। जबकि रिंकू सिंह के बल्ले से भी कुछ खास रन नहीं देखने को मिला है।
बाएं हाथ के इस ओपनर ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीन मैचों तक अपना खाता तक नहीं खोला। ग्रुप चरण के इन मुकाबलों में वे शून्य पर आउट होते रहे, जिससे उन पर दबाव बढ़ता गया। अहमदाबाद में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी, खासकर तब जब ईशान किशन जल्दी पवेलियन लौट गए थे। टीम को उनसे संभलकर खेलने की उम्मीद थी, लेकिन वे 12 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि पिछली 8 पारियों में वे 5 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं, जो भारतीय टीम के लिए गंभीर संकेत है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले तिलक वर्मा को भारत के प्रमुख बल्लेबाजों में गिना जा रहा था, लेकिन ग्रुप स्टेज में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। उनका स्ट्राइक रेट लगभग 100 के आसपास ही सिमटा रहा, जो टी20 फॉर्मेट के लिहाज से प्रभावी नहीं माना जाता। सुपर 8 के मुकाबले में भी वे सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। उनके जल्दी आउट होने से मध्यक्रम पर अतिरिक्त दबाव पड़ा, जिससे टीम उबर नहीं सकी। अब उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि जिस भूमिका में उनसे पारी को संभालने और आगे बढ़ाने की अपेक्षा थी, उसमें वे सफल नहीं हो पाए हैं।
रिंकू सिंह का प्रदर्शन भी टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। टी20 विश्व कप 2026 के पांच मैचों में वे कुल 24 रन ही बना सके हैं और इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर मात्र 11 रन रहा है। उनके स्कोर इस प्रकार हैं—USA के खिलाफ 14 गेंदों में 6 रन, नामीबिया के खिलाफ 6 गेंदों में 1 रन, पाकिस्तान के खिलाफ 4 गेंदों में 11 रन, नीदरलैंड के खिलाफ 3 गेंदों में 6 रन और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 गेंदों में शून्य। एक फिनिशर के तौर पर ऐसे आंकड़े टीम की मुश्किलें बढ़ाते हैं, क्योंकि निचले क्रम से तेजी से रन आने की उम्मीद रहती है।
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका ने Team India को दिखाया आईना, आसानी से जीता सुपर-8 का मैच, ‘मैन इन ब्लू’ की हार का कौन जिम्मेदार?
अब सवाल उठता है कि क्या सिर्फ संजू सैमसन को अभिषेक शर्मा या तिलक वर्मा की जगह शामिल कर देने से समस्या का समाधान हो जाएगा? जवाब नकारात्मक ही नजर आता है। सैमसन भी हालिया फॉर्म में संघर्ष करते दिखे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में वे केवल 46 रन ही बना पाए थे। टी20 विश्व कप में खेले एक मुकाबले में उन्होंने 8 गेंदों में 22 रन जरूर बनाए, लेकिन कुल मिलाकर उनके आंकड़े भी बहुत प्रभावशाली नहीं हैं। बेंच पर मौजूद अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी मुख्य रूप से गेंदबाज हैं, ऐसे में बल्लेबाजी के ठोस विकल्प भी सीमित नजर आते हैं।