T20 World Cup 2026 का खिताब जीतते ही गंभीर रचेंगे इतिहास, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बनेंगे

Gautam Gambhir: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से है। जीत मिलने पर टीम तीसरा खिताब जीतेगी और कोच गौतम गंभीर खिलाड़ी-कोच दोनों रूप में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच सकते हैं।
Gautam Gambhir Will Create History
गौतम गंभीर (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gautam Gambhir Will Create History: भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। टीम इंडिया का टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड से मुकाबला है। यह मैच आसान नहीं होने वाला है। अगर भारतीय टीम खिताब जीतने में कामयाब रहती है तो टीम के साथ कोच गौतम गंभीर के नाम भी एक अनोखा कीर्तिमान जुड़ जाएगा।

भारतीय क्रिकेट टीम ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2007 में खेला गया टी20 विश्व कप का पहला संस्करण पाकिस्तान को हराकर जीता था। मौजूदा समय में टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर पहला टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा थे और टीम को चैंपियन बनाने में उनका अहम योगदान रहा था। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में खेले गए फाइनल में गौतम गंभीर ने 54 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली थी।

गौतम गंभीर के नाम होगा बड़ा रिकॉर्ड

एक खिलाड़ी के बाद एक कोच के रूप में टी20 विश्व कप जीतने का मौका गौतम गंभीर के पास है। अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीत लेती है, तो गंभीर ऐसे पहले व्यक्ति होंगे जिनके नाम एक खिलाड़ी और कोच के तौर पर टी20 विश्व कप का खिताब होगा। भारतीय टीम भी इतिहास रचेगी और लगातार दूसरा टी20 विश्व कप और कुल तीसरा टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनेगी।

2007 में जीता पहला वर्ल्ड कप

2007 के बाद भारतीय टीम को दूसरा टी20 विश्व कप जीतने में 17 साल लग गए। 2014 में टीम इंडिया फाइनल में जरूर पहुंची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना दूसरा टी20 विश्व कप जीता। भारत को चैंपियन बनाने के बाद रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। रोहित के बाद टी20 के कप्तान बने सूर्या ने टी20 में सफलता की लय को बरकरार रखा है और टीम को विश्व कप के फाइनल में लाए हैं। टीम तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने और इतिहास रचने के लिए कमर कस चुकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com