T20 World Cup ने तोड़े कई रिकॉर्ड, ICC ने व्यूअरशिप के मामले में बनाया नया कीर्तिमान

International Cricket Council के टी20 विश्व कप ने प्रसारण के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 50 करोड़ से अधिक दर्शक जुड़े, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी व्यूअरशिप और वॉच टाइम में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज हुई।
T20 World Cup 2026 viewership record
टी20 वर्ल्ड कप (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

T20 World Cup 2026: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने बुधवार को बताया कि मौजूदा टी20 विश्व कप ने प्रसारण के सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। भारत में आयोजित इस टूर्नामेंट को अब तक 50 करोड़ से अधिक दर्शक देख चुके हैं, जो टी20 विश्व कप के इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दर्शकों की संख्या को लेकर महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए थे और संगठन उन सभी लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहा है। जय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आईसीसी टी20 विश्व कप का सफर इसे वैश्विक और सहज क्रिकेट प्रतियोगिता बनाने के लक्ष्य के साथ शुरू हुआ था। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत में हो रहे इस टूर्नामेंट के दर्शकों की संख्या 50 करोड़ के पार पहुंच गई है, जो अब तक की सबसे अधिक है।”

जियो हॉटस्टार पर दर्शकों की संख्या 6.5 करोड़ तक पहुंची

उन्होंने आगे बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी टूर्नामेंट को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। जियो हॉटस्टार पर दर्शकों की संख्या 6.5 करोड़ तक पहुंच गई है। नॉकआउट मुकाबले आज रात से शुरू हो रहे हैं और आईसीसी को उम्मीद है कि भारतीय प्रशंसकों का उत्साह आगे और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

हालांकि टूर्नामेंट के दो सेमीफाइनल और फाइनल अभी बाकी हैं, लेकिन मौजूदा संस्करण ने 2024 में अमेरिका में खेले गए टी20 विश्व कप के दर्शक रिकॉर्ड को पहले ही पीछे छोड़ दिया है। आईसीसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म ICC.tv ने भी 2024 संस्करण के दौरान दर्ज कुल यूज़र्स और देखे गए कुल मिनटों के आंकड़े को पार कर लिया है। पिछले संस्करण की तुलना में यूनिक यूजर्स में 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि कुल वॉच टाइम में 56 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 एक और रिकॉर्ड तोड़ने के करीब

सोशल मीडिया पर भी टी20 विश्व कप का मौजूदा एडिशन नए आयाम छू रहा है। आईसीसी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो व्यूज़ का आंकड़ा 10 बिलियन पार कर चुका है और 2024 में बने 16 बिलियन के रिकॉर्ड को पार करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। फैन एंगेजमेंट के मामले में भी यह संस्करण ऐतिहासिक साबित हो रहा है। हर यूनिक यूज़र का औसत वॉच टाइम 58 मिनट तक पहुंच गया है, जो 2024 में सुपर-8 चरण के अंत तक 47 मिनट था। इससे साफ है कि दर्शक पहले से अधिक समय तक मुकाबलों से जुड़े रह रहे हैं। अभी तीन मैच और होने हैं, ऐसे में उम्मीद है कि कई रिकॉर्ड अभी और बनेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com