सुपर-4 के मुकाबले से पहले सूर्या ने बाहरी शोर को नजरअंदाज करने का मंत्र बताया, कहा- कमरा और फोन...

Suryakumar Yadav: एशिया कप के सुपर-4 के मुकाबले से पहले सूर्यकुमार यादव ने कहा कि बाहरी शोरगुल को नजरअंदाज करना मुश्किल है। 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला खेला जाएगा।
सुपर-4 के मुकाबले से पहले सूर्या ने बाहरी शोर को नजरअंदाज करने का मंत्र बताया, कहा- कमरा और फोन...
सूर्यकुमार यादव (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Suryakumar Yadav on Super-4 Matches: एशिया कप के सुपर-4 के लिए चार टीमें पक्की हो चुकी है। एशिया कप के सुपर-4 के मुकाबले में एक बार फिर भारत-पाकिस्तान का आमना-सामना होगा। यह मुकाबला 21 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले सूर्यकुमार यादव कहा कि बाहरी बातों को नजरअंदाज करने के लिए एक खास उपाय निकला है।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को होने वाले एशिया कप सुपर 4 के महत्वपूर्ण मैच से पहले कहा कि दोनों टीम के बीच संबंधों को लेकर बाहर हो रही बातों को पूरी तरह से नजरअंदाज करना मुश्किल है लेकिन उन्होंने इसके साथ ही स्पष्ट किया कि इनमें से कुछ बातें महत्वपूर्ण भी हो सकती हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच फिर होगा मुकाबला

भारत और पाकिस्तान सुपर 4 में पहुंचने के बाद रविवार को टूर्नामेंट में दूसरी बार आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच ग्रुप स्टेज के मैच में भारतीय टीम द्वारा अपने पड़ोसियों से हाथ न मिलाने के फैसले के कारण काफी ड्रामा हुआ था। हालांकि उस मुकाबले को भारतीय टीम ने जीत लिया था। जिसमें सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रनों की पारी खेली थी। पहलगाम हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाने और जीत को भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित करने के उनके कदम से सुपर 4 मुकाबले से पहले तनाव बढ़ गया। बाहरी शोर को नजरअंदाज करने को लेकर जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अपना कमरा बंद करो, अपना फोन बंद करो और सो जाओ। मुझे लगता है कि यह सबसे अच्छी बात है।

बाहरी शोर का बंद करने के लिए सूर्या ने क्या कहा?

यह कहना आसान है, लेकिन कभी-कभी यह मुश्किल होता है क्योंकि आप बहुत सारे दोस्तों से मिलते हैं। आप डिनर के लिए बाहर जाते हैं और आपके साथ बहुत सारे खिलाड़ी होते हैं जो ये सब चीजें देखना पसंद करते हैं, इसलिए यह बहुत मुश्किल है। भारतीय कप्तान हालांकि जानते हैं कि बाहरी शोर को पूरी तरह से बंद नहीं किया जा सकता है और अपने विवेक का उपयोग करके कुछ अच्छी चीजों को सुना जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह आप पर निर्भर करता है कि आप क्या सुनना चाहते हैं, आप अपने मन में क्या रखना चाहते हैं और आगे बढ़कर अभ्यास सत्र या खेल खेलना चाहते हैं। मुझे लगता है कि अगर हम इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं और आगे बढ़ना चाहते हैं तो यह बहुत महत्वपूर्ण है, हमें बाहर से आने वाले शोर को बंद करना होगा और जो आपके लिए अच्छा है उसे ही आत्मसात करना होगा।

सूर्या ने कहा कि मैं यह नहीं कह रहा हूं कि बाहर होने वाली बातों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दीजिए। उनमें कुछ अच्छी और महत्वपूर्ण बात भी हो सकती है जिससे आपको खेल में और मैदान पर मदद मिल सकती है। मैच की तैयारी के बारे में उन्होंने कहा कि तीन मैचों के बाद टीम अच्छी स्थिति में है। मुझे लगता है कि टूर्नामेंट से पहले हमारी तैयारी वाकई अच्छी रही है और हमने तीन अच्छे मैच भी खेले हैं। इसलिए हम वास्तव में इस बात पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि हम क्या सर्वश्रेष्ठ कर सकते हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com