'तकनीक में बदलाव...', जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतकीय पारी से अभिषेक शर्मा के मुरीद हो गए पूर्व भारतीय कप्तान

India vs Zimbabwe: अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में 26 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर भारत को तूफानी शुरुआत दी। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने उनकी तकनीक की प्रशंसा की।
Sunil Gavaskar on Abhishek Sharma
अभिषेक शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sunil Gavaskar on Abhishek Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप 2026 की लगातार 4 पारियों में फ्लॉप रहने के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को खेले गए सुपर-8 के मुकाबले में फॉर्म में लौटे। अभिषेक ने अर्धशतक लगाते हुए टीम को तूफानी शुरुआत दी और बड़े स्कोर की नींव रखी। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन बनाकर भारत को 256 रनों के स्कोर तक पहुंचाया था।

पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने अभिषेक शर्मा की प्रशंसा की। मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर उन्होंने कहा, "अभिषेक ने अपनी तकनीक में बदलाव दिखाया और गेंदबाज के गेंद छोड़ने तक इंतजार किया। उनकी बैट की गति नियंत्रित और संतुलित थी, जिससे शॉट्स में मजबूती आई।"

इस मैच में अलग इरादे से उतरे थे अभिषेक

मैच से पहले अभिषेक खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। पेट की समस्या के बाद वह लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए थे। आलोचना बढ़ रही थी और टीम पर दबाव भी था। लेकिन इस मुकाबले में उनकी बॉडी लैंग्वेज अलग दिखी। उन्होंने पहली ही गेंद पर सिंगल लेकर संकेत दे दिया कि वह जल्दबाजी नहीं करेंगे। ड्रेसिंग रूम का संदेश साफ था कि क्रीज पर टिके रहो और पारी को आगे बढ़ाओ।

26 गेंदों में अर्धशतक किया पूरा

संजू सैमसन के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। सैमसन ने 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर दबाव कम किया। उनके आउट होने के बाद अभिषेक ने आक्रामक तेवर अपनाए। उन्होंने टिनोटेंडा मापोसा, ब्रायन बेनेट और रिचर्ड नगारवा पर बड़े शॉट लगाए। पावरप्ले के अंत तक भारत 80 रन तक पहुंच चुका था। अभिषेक ने 26 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की।

अभिषेक ने मजबूत शुरुआत दी

अभिषेक 55 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए और तिलक वर्मा ने 16 गेंदों पर 44 रन ठोक दिए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन जोड़े और आखिरी पांच ओवर में भारत ने 80 रन बटोरे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा निर्णायक मुकाबला

जवाब में जिम्बाब्वे 184 रन ही बना सका। ब्रायन बेनेट ने 97 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लेकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। इस जीत से भारत का नेट रन रेट सुधरा और सेमीफाइनल की दौड़ रोमांचक हो गई। अब कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला निर्णायक होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com