Super-8 से पहले श्रीलंकाई टीम को लगा सबसे बड़ा झटका, चोट के कारण बाहर हुआ स्टार गेंदबाज

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका ने शुरुआती तीनों ग्रुप मैच जीतकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली, लेकिन अगले दौर से पहले टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है।
Mathisha Pathirana ruled out of World Cup
मथिशा पथिराना (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mathisha Pathirana ruled out from T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अब सभी की नजरें सुपर-8 पर हैं। मेजबान श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह पक्की कर ली है। हालांकि सुपर-8 से पहले उसे ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक और मैच खेलना है। इस बीच टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना पिंडली में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया वाले मुकाबले हुए थे चोटिल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में श्रीलंका को जीत तो मिली, लेकिन टीम को बड़ा झटका भी लगा। ग्रुप-बी में 16 फरवरी को पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया था। इस मैच के दौरान मथीशा पथिराना गेंदबाजी करते हुए अपने स्पेल की चौथी गेंद पर बाएं पैर में तकलीफ महसूस होने के बाद मैदान पर ही बैठ गए। फीजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और जांच के बाद पथिराना को बाहर ले जाया गया, जिसके बाद उन्होंने दोबारा गेंदबाजी नहीं की।

अब उनकी चोट की स्कैन रिपोर्ट सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि पथिराना टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे। जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के बल्लेबाजी सलाहकार विक्रम राठौर ने कहा कि अगर वह बाहर होते हैं तो इसकी जानकारी आधिकारिक तौर पर दी जाएगी। वहीं रिप्लेसमेंट को लेकर टीम प्रबंधन के बीच अभी चर्चा जारी है।

मुश्किल में मेजबान टीम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका को यह पहला झटका नहीं लगा है। इससे पहले टीम के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। अब सुपर-8 मुकाबलों से पहले श्रीलंका क्रिकेट रिप्लेसमेंट के रूप में किस खिलाड़ी को टीम में शामिल करेगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। श्रीलंका को ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 19 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है, जिसके बाद 22 फरवरी को पल्लेकेले में इंग्लैंड के खिलाफ सुपर-8 का पहला मुकाबला खेला जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com