श्रीलंका क्रिकेट में बड़ी हलचल, अध्यक्ष सिल्वा समेत भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच पूरे बोर्ड का सामूहिक इस्तीफा

Sri Lanka Cricket Board: श्रीलंका क्रिकेट में बड़ा बदलाव हुआ है। 29 अप्रैल को अध्यक्ष शम्मी सिल्वा समेत एसएलसी की पूरी एग्जीक्यूटिव कमेटी ने इस्तीफा दे दिया, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई।
Big Breaking of Sri Lanka Cricket
श्रीलंका क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sri Lanka Cricket: 29 अप्रैल को श्रीलंका क्रिकेट में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जिसकी आशंका पिछले कुछ समय से जताई जा रही थी। श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस फैसले की पुष्टि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर की गई। माना जा रहा है कि यह कदम श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के हालिया बयान के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने बोर्ड में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया था।

पूरी एग्जीक्यूटिव कमेटी ने छोड़ा पद

अध्यक्ष के साथ-साथ श्रीलंका क्रिकेट की पूरी एग्जीक्यूटिव कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बोर्ड की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सभी इस्तीफे तुरंत प्रभाव से स्वीकार कर लिए गए हैं। इस फैसले की जानकारी राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और खेल मंत्री सुनील कुमारा गमागे को भी दे दी गई है।

अंतरिम बॉडी संभालेगी जिम्मेदारी

इस्तीफों के बाद अब श्रीलंका क्रिकेट का कामकाज एक अंतरिम बॉडी संभालेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका सरकार जल्द ही इस अस्थायी समिति का गठन करेगी, जो अगले आदेश तक बोर्ड का संचालन करेगी। सूत्रों की मानें तो पूर्व सांसद एरन विक्रमरत्ने को अंतरिम रूप से इस बॉडी का प्रमुख बनाया जा सकता है। यह फैसला 28 अप्रैल को हुई एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक के बाद लिया गया।

शम्मी सिल्वा का कार्यकाल और प्रदर्शन

शम्मी सिल्वा ने साल 2019 में पहली बार श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने फरवरी 2019 में थिलंगा सुमतिपाला की जगह ली थी। उनके कार्यकाल के दौरान श्रीलंका की टीम ने एशिया कप जैसे टूर्नामेंट में सफलता जरूर हासिल की, लेकिन आईसीसी आयोजनों में टीम का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा।

शम्मी सिल्वा के कार्यकाल में खासतौर पर पुरुष टीम का प्रदर्शन गिरता हुआ नजर आया। टीम बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार संघर्ष करती रही और उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भी श्रीलंका का प्रदर्शन खास नहीं रहा, जिससे बोर्ड पर सवाल उठने लगे थे।

श्रीलंका क्रिकेट में इस बड़े बदलाव के बाद अब सभी की नजरें नए नेतृत्व पर टिकी हुई हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि अंतरिम बॉडी किस तरह से बोर्ड का संचालन करती है और टीम को दोबारा मजबूत बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com