शुभमन गिल ने जीता दिल, अब BCCI क्रिकेटर ऑफ द ईयर के पुरस्कार से करेगी सम्मानित

Polly Umrigar Award: शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन के बाद BCCI का 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' पुरस्कार जीता। 15 मार्च को पुरस्कार समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
Shubman gill (3)
Published on
Updated on

Shubman Gill: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में इस बार टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुना गया है। यह समारोह 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होगा। गिल के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने पॉली उमरीगर अवॉर्ड देने का फैसला किया है।

26 वर्षीय गिल को हाल ही में टी20 विश्व कप टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन उन्होंने टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन किया। 2025 में टेस्ट सीरीज में गिल ने कुल 983 रन बनाए, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू धरती पर ड्रॉ रही श्रृंखला में 754 रन भी शामिल थे। उनकी तकनीक, संयम और लंबी पारियों की क्षमता ने भारत को कई महत्वपूर्ण स्थिति में मजबूत रखा।

चैंपियंस ट्रॉफी में गिल का शानदार प्रदर्शन

वनडे प्रारूप में शुभमन गिल ने चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में अहम योगदान दिया। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 188 रन बनाए और पूरे वर्ष 2025 में वनडे में कुल 490 रन बनाए। कुल मिलाकर गिल ने तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में 49 की औसत से 1,764 रन बनाए, जिसमें सात शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम प्रभावशाली रहा, लेकिन आईपीएल 2025 में गिल ने गुजरात टाइटन्स के लिए खेलते हुए 50 की औसत से 650 रन बनाए, जो उनकी फॉर्म और स्थिरता को दर्शाता है।

राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से किया जाएगा सम्मानित

साथ ही, बीसीसीआई पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में उनके अमूल्य योगदान के लिए कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित करेगी। द्रविड़ के कोचिंग करियर में भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जीता और टेस्ट टीम ने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज में महत्वपूर्ण श्रृंखलाएं जीती।

मुंबई क्रिकेट संघ को मिलेगा खास पुरस्कार

इसके अलावा, मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) को घरेलू क्रिकेट में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ एसोसिएशन का पुरस्कार मिलने की संभावना है। इस समारोह का उद्देश्य न केवल खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सम्मानित करना है, बल्कि उनके कोच, सहयोगी और संघों के योगदान को भी मान्यता देना है।

बीसीसीआई का यह पुरस्कार समारोह भारतीय क्रिकेट की वर्षभर की उपलब्धियों का जश्न मनाने को लेकर आयोजित करने जा रहा है। इस समारोह में इंटरनेशनल से लेकर घरेलू क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com