श्रेयस अय्यर की वापसी का मास्टरप्लान! दिग्गज खिलाड़ी ने बताया टीम इंडिया में एंट्री का गजब फॉर्मूला

Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर शानदार फॉर्म में होने के बावजूद टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया से बाहर हैं। इसे लेकर रविचंद्रन अश्विन ने अहम सुझाव देते हुए चयन पर सवाल उठाए हैं।
R Ashiwin Statement on Shreyas Iyer how to come in Indian Cricket Team
श्रेयस अय्यर (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

R Ashwin On Shreyas Iyer: टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने श्रेयस अय्यर की टी20 इंटरनेशनल टीम में वापसी को लेकर एक दिलचस्प सुझाव दिया है। उनका मानना है कि चयन प्रक्रिया को सरल रखते हुए सिर्फ सर्वश्रेष्ठ 15 खिलाड़ियों के आधार पर टीम चुनी जानी चाहिए, ताकि किसी योग्य खिलाड़ी के साथ अन्याय न हो।

जबरदस्त फॉर्म में श्रेयस अय्यर

आईपीएल 2026 में श्रेयस अय्यर शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने लगातार बेहतरीन पारियां खेली हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले से पहले तक अय्यर ने 4 पारियों में 67.66 की औसत और 187.96 के स्ट्राइक रेट से 203 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक भी निकले। इतनी शानदार बल्लेबाजी के बावजूद वह अभी तक भारतीय टी20 टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं, जो चयन पर सवाल खड़े करता है।

अश्विन का सिलेक्शन पर सीधा सुझाव

एक चर्चा के दौरान अश्विन ने साफ कहा कि चयनकर्ताओं को बिना ज्यादा सोच-विचार के सीधे 15 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के नाम लिखने चाहिए। उनके अनुसार, अगर कोई खिलाड़ी प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह पाने का हकदार है, तो उसे जरूर चुना जाना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए यशस्वी जायसवाल का नाम लिया और कहा कि उनकी प्रतिभा और रन बनाने की भूख उन्हें टीम के लिए मजबूत दावेदार बनाती है। अश्विन का मानना है कि चयन के दौरान यह नहीं सोचना चाहिए कि किसकी जगह कौन आएगा, बल्कि सिर्फ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों पर ध्यान देना चाहिए।

दो टीमें बनाने का भी दिया सुझाव

अश्विन ने यह भी कहा कि भारत चाहे तो एक साथ दो मजबूत टीमें तैयार कर सकता है, जैसा कि ऑस्ट्रेलिया अपने सुनहरे दौर में करता था। उस समय ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के बीच मुकाबले भी होते थे, जिससे खिलाड़ियों को ज्यादा मौके मिलते थे। उनके मुताबिक, भारत में प्रतिभा की कमी नहीं है और दो टीमें बनाकर खिलाड़ियों को और निखारा जा सकता है।

श्रेयस अय्यर पिछले तीन साल से टी20 इंटरनेशनल टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। उन्होंने अब तक 51 टी20 मैचों में 30.66 की औसत और 136.12 के स्ट्राइक रेट से 1,104 रन बनाए हैं, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल हैं। उनका आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2023 में खेला गया था। ऐसे में अब उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए टीम में वापसी की मांग और तेज हो गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com