T20 World Cup से पहले श्रेयस अय्यर की टी20 टीम में हुई 2 साल बाद वापसी, सुंदर की जगह रवि बिश्नोई को मिला मौका

Shreyas Iyer: वाशिंगटन सुंदर साइड स्ट्रेन के कारण न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह रवि बिश्नोई और चोटिल तिलक वर्मा की जगह श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया गया।
Shreyas Iyer Returns After 2 Years in T20 Team
श्रेयस अय्यर (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shreyas Iyer Returns After 2 Years in T20 Team: टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की वापसी न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए हुई है। वहीं वाशिंगटन सुंदर की जगह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले ऑलराउंडर  वाशिंगटन सुंदर टीम से बाहर हो गए हैं।

बीसीसीआई ने शुक्रवार शाम को जारी आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सुंदर साइड स्ट्रेन की वजह से फिलहाल क्रिकेट से दूर रहेंगे और उन्हें कुछ दिनों के आराम की सलाह दी गई है। बीसीसीआई की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि 11 जनवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान गेंदबाज़ी करते समय सुंदर को निचली पसली के हिस्से में तेज दर्द महसूस हुआ।

COE में रिपोर्ट करेंगे वाशिंगटन सुंदर

इसके बाद कराए गए स्कैन और विशेषज्ञ से सलाह के बाद उनके साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई। बोर्ड ने बताया कि सुंदर अब अपनी चोट के आगे के इलाज और रिहैबिलिटेशन के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करेंगे। इस बीच, पुरुष चयन समिति ने वॉशिंगटन सुंदर की जगह रवि बिश्नोई को T20I टीम में शामिल किया है। इसके अलावा, चोटिल तिलक वर्मा की जगह श्रेयस अय्यर को पहले तीन टी20 मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया है।

21 जनवरी से टी20 सीरीज की शुरुआत

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मैच 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद 23 जनवरी को रायपुर में दूसरा टी20 मैच आयोजित होगा। तीसरा मैच 25 जनवरी को गुवाहाटी में खेला जाना है। इसके बाद 28 जनवरी को चौथा मैच विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। सीरीज का अंतिम मैच 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में होगा। यह दोनों देशों के लिए टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होगी।

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भारत की T20I टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन T20I), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।

Navbharat Live
navbharatlive.com