इतिहास रचने से एक हिट दूर श्रेयस अय्यर, धोनी-विराट के क्लब में होंगे शामिल

श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान आईपीएल में 99 छक्के लगाए हैं। एक और छक्का लगाते ही वह आईपीएल में बतौर कप्तान अपने 100 छक्के पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले छठे कप्तान बन जाएंगे।
श्रेयस अय्यर बतौर कप्तान आईपीएल में 100 छक्के पूरे कर सकते हैं
श्रेयस अय्यर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

जयपुर: आईपीएल 2025 का 69वां मुकाबला पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आज यानी 26 मई को खेला जाएगा। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इस मैच में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का मौका है।

अगर पंजाब किंग्स को आज मुंबई इंडियंस पर जीत हासिल करनी है तो कप्तान श्रेयस अय्यर को बल्ले से कमाल करना होगा। अय्यर IPL 2025 में शानदार फॉर्म में हैं और पंजाब के टॉप रन स्कोरर भी बने हुए हैं। उन्होंने अपने बल्ले से 13 मैचों में 488 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 48.80 और स्ट्राइक रेट 172.43 रहा है। उन्होंने अब तक 5 अर्धशतक लगाए हैं।

आज मुंबई इंडियंस के खिलाफ अय्यर एक बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे ताकि अपनी टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ ऑरेंज कैप की रेस में 10वें स्थान से बड़ी छलांग लगा सकें। इस दौरान उनकी नजर एक खास रिकॉर्ड पर भी होगी, जिसके लिए उन्हें सिर्फ एक छक्के की जरूरत है।

दरअसल, श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान आईपीएल में 99 छक्के लगाए हैं। एक और छक्का लगाते ही वह आईपीएल में बतौर कप्तान अपने 100 छक्के पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले छठे कप्तान बन जाएंगे। अब तक आईपीएल में 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा सिर्फ 5 कप्तानों ने किया है, जिसमें सिर्फ एक विदेशी कप्तान शामिल है।

आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर और केएल राहुल ने बतौर कप्तान 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं जिनके नाम आईपीएल में 200 से ज्यादा छक्के हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तान

  • महेंद्र सिंह धोनी - 223
  • विराट कोहली - 168
  • रोहित शर्मा - 158
  • डेविड वॉर्नर - 109
  • केएल राहुल - 105
  • श्रेयस अय्यर - 99
  • संजू सैमसन - 99

मुंबई और पंजाब दोनों ही टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं और अब दोनों ही टीमों की नजर टॉप-2 में रहने पर है। अगर पंजाब किंग्स को पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में रहना है तो उसे आज मुंबई को हराने के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की हार की भी दुआ करनी होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com