

Shashi Tharoor Poem on Sanju Samson: वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की शानदार जीत के बाद, संजू सैमसन के मैच जिताऊ शतक की हर ओर ज्यादा हो रही है। उनकी इस पारी पर सांसद शशि थरूर, जो लंबे समय से केरल के खिलाड़ी संजू सैमसन के समर्थक रहे हैं, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास कविता लिखकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
थरूर और सैमसन का रिश्ता हमेशा से अटूट रहा है। थरूर अक्सर राष्ट्रीय टीम में सैमसन को लगातार मौके न मिलने पर सवाल उठाते रहे हैं। मुंबई में सैमसन की बेहतरीन पारी के बाद, थरूर ने उनकी बल्लेबाजी की खूबसूरती को शब्दों में पिरोया। उन्होंने 'AABB' तुकबंदी वाली एक क्लासिक कविता लिखी, जो सैमसन की बल्लेबाजी की लय और सहजता को दर्शाती है।
कविता में शशि थरूर ने सैमसन की कलाई के जादू, उनके शांत अंदाज और टाइमिंग की तारीफ की है। उन्होंने लिखा कि जयपुर से मुंबई तक, सैमसन का खेल देखने लायक है। बिना किसी हड़बड़ाहट के, उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से एक कलाकृति पेश की है। शशि थरूर की कविता का हिंदी वर्जन...
संजू में कुछ तो बात है, जैसे हवा में कोई नजाकत हो,
कलाई की एक हल्की हरकत और चेहरे पर बेपरवाह सी आहट हो।
जब टाइमिंग सधी हो, और बल्ले से गेंद का रिश्ता बन जाए,
वो वही कर जाता है, जो हर दिल बस सपना ही देख पाए।
जयपुर की चमक से लेकर वानखेड़े की धूप तलक,
पहले दबाव बुनता है, फिर दौड़ पड़ता है बेधड़क।
एक शतक, जैसे नफासत से तराशी गई कोई मिसाल,
चेपॉक हो या डरबन, हर जमीन पर उसका कमाल।
न जोर-जबरदस्ती, न संघर्ष का कोई शोर,
बस सहज उड़ान, जैसे रोशनी के बीच कोई दस्तक और।
सौ रन जैसे कैनवास पर उजाले से उकेरी गई तस्वीर,
हर स्ट्रोक में कला, हर शॉट में एक नई तासीर।
चाहे इंतजार लंबा हो, पर जब वह लम्हा आ ही जाए,
संजू के इस जादू जैसा करिश्मा फिर कहीं नजर न आए।
IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होकर आए नए विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने चेन्नई के लिए अपना दूसरा शतक जड़ा। वे शेन वॉटसन (2018) के बाद एक ही सीजन में दो शतक लगाने वाले दूसरे CSK बल्लेबाज बन गए हैं।