पत्नी रो रही थी, किसी ने फोन नहीं उठाया, ड्रेसिंग रूम विवाद पर टूटे सरफराज खान; गौतम गंभीर के कॉल ने बचाया

Sarfaraz Khan Dressing Room Leak Controversy: ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने के आरोपों पर सरफराज खान ने बताया है कि कैसे गौतम गंभीर ने फोन कर उनके परिवार को संभाला।
Sarfaraz Khan and Aakash Chopra
सरफराज खान और आकाश चोपड़ासोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सरफराज खान ने ड्रेसिंग रूम लीक विवाद पर पहली बार चुप्पी तोड़ी।

  • आकाश चोपड़ा के शो पर उस बुरे दौर को याद कर सरफराज रो पड़े।

  • मुश्किल वक्त में कोच गौतम गंभीर ने फोन कर सरफराज और उनके पिता को हौसला दिया।

Indian Cricket Team Dressing Room News: भारतीय टीम से बाहर चल रहे सरफराज खान ने आखिरकार उस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है, जिसने पिछले साल उनके और उनके परिवार की रातों की नींद उड़ा दी थी। 2024-25 के ऑस्ट्रेलिया दौरे यानी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद सरफराज पर ड्रेसिंग रूम की गोपनीय बातें मीडिया में लीक करने के गंभीर आरोप लगे थे।

वहीं अब पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के शो 'बैठ और बोल' में इस बुरे दौर को याद करते हुए सरफराज भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने बताया कि कैसे टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने सबसे पहले उन्हें और उनके पिता को फोन कर हौसला बढ़ाया था।

फ्लाइट से उतरते ही शुरू हुआ आरोपों का सिलसिला

दरअसल, आकाश चोपड़ा के शो में बातचीत के दौरान सरफराज खान ने बताया कि जब यह खबर फैली, तब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खत्म हुए करीब 20 से 25 दिन बीत चुके थे। सरफराज उस समय चोट से उबरने के लिए नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिहैब कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं बस अपनी फ्लाइट से उतरा ही था कि अचानक मेरे पास फोन और मैसेज आने लगे।

सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ बातें चलने लगीं। मुझे बहुत दुख हुआ कि आखिर यह सब क्यों हो रहा है। मैं समझ नहीं पा रहा था कि किससे बात करूं और किसे अपनी सफाई दूं। सरफराज ने उन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अगर उन्होंने वाकई ऐसा कुछ किया होता, तो बाद में उन्हें इंडिया-A और फिर श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में वापस क्यों चुना जाता?

Sarfaraz Khan and Aakash Chopra
चोट के दौरान गंभीर सर कॉल और मैसेज से पूछते थे हालचाल, वेलिंगटन में 3 विकेट लेने के बाद आकाश दीप का खुलासा

करीबियों ने फोन उठाना बंद कर दिया, पत्नी रो रही थी

आपको बता दें कि इस विवाद का सबसे गहरा असर सरफराज खान के परिवार पर पड़ा। भावुक होते हुए उन्होंने बताया कि उस वक्त हालात इतने खराब हो गए थे कि उनके कई जानने वालों ने उनके फोन कॉल उठाने तक बंद कर दिए थे। सरफराज ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि मेरी पत्नी रो रही थी।

मेरी जिंदगी संघर्षों से भरी रही है और मैं हर मुश्किल का सामना करने के लिए तैयार था। लेकिन मुझे अपने माता-पिता, पत्नी और भाई मुशीर के लिए बहुत बुरा लग रहा था। घर में मेरी पत्नी रो रही थी और पिता बेहद मायूस थे। मैंने एक कहावत सुनी थी कि अगर किसी का काम न बिगाड़ सको, तो उसका नाम बिगाड़ दो; काम अपने आप बिगड़ जाएगा।

गौतम गंभीर बने सहारा, पिता से की बात

मुश्किल की इस घड़ी में जब चारों तरफ से आलोचना हो रही थी, तब टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर सबसे पहले सरफराज के समर्थन में आगे आए। सरफराज ने खुलासा किया कि दो दिन बाद गंभीर ने उन्हें दो बार फोन किया। सरफराज के अनुसार, गंभीर ने उनसे कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं और सिर्फ राजनीति है।

इन चक्करों में मत पड़ो और सिर्फ अपने क्रिकेट पर ध्यान दो। जब सरफराज ने गंभीर को बताया कि उनके पिता उदास हैं और पत्नी रो रही है, तो गंभीर ने तुरंत उनके पिता नौशाद खान से भी फोन पर बात की। गंभीर ने उनके पिता को भरोसा दिलाया कि वे इन अफवाहों पर ध्यान न दें, सरफराज एक बेहतरीन खिलाड़ी है और जरूरत पड़ने पर वे कभी भी उन्हें कॉल कर सकते हैं।

Sarfaraz Khan and Aakash Chopra
वेलिंगटन टेस्ट में शतक से चूके देवदत्त पडिक्कल, SENA देशों में नंबर-3 पर 7 साल का सूखा अब भी बरकरार

जानें क्या था पूरा मामला?

जनवरी 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-3 से मिली सीरीज हार के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में तनाव की खबरें सामने आई थीं। उस समय कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि मेलबर्न टेस्ट की हार के बाद कोच गौतम गंभीर की नाराजगी से जुड़ी अंदरूनी बातें सरफराज खान ने लीक की थीं।

हालांकि, इन आरोपों का कभी कोई सबूत सामने नहीं आया। फिलहाल सरफराज भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं और वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट में पसीना बहा रहे हैं।