ICC मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए भारत के दो खिलाड़ी हुए नॉमिनेट, टी20 वर्ल्ड कप में किया था लाजवाब प्रदर्शन

ICC Men's Player Of The Month: मार्च महीने के लिए आईसीसी ने मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए दो भारतीय खिलाड़ी को नॉमिनेट किया है। इसमें जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन को शामिल किया गया है।
ICC Men's Player Of The Month For March
संजू सैमसन (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

ICC Men's Player Of The Month For March: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन को मार्च 2026 के लिए आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। संजू सैमसन का प्रदर्शन 'टी20 विश्व कप 2026' में शानदार रहा था। उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में दमदार पारी खेली थी।

टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती मुकाबलों में चांस नहीं मिलने के बाद सुपर-8 राउंड में जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम के लिए 'करो या मरो' मुकाबले में 97 रनों की नाबाद पारी खेली थी और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। संजू की पारी के बूते भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी।

ICC टूर्नामेंट में बोला संजू सैमसन का बल्ला

इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 89 रन बनाए थे, जबकि अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में भी उन्होंने 89 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। संजू सैमसन को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था। उन्होंने 5 मुकाबलों में कुल 321 रन बनाए थे।

ICC टी20 वर्ल्ड कप में बुमराह की धारदार गेंदबाजी

वहीं, जसप्रीत बुमराह ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में गेंद से अहम किरदार निभाया था। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 31 रन देकर एक विकेट निकाला था, जबकि फाइनल मैच में बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। फाइनल मुकाबले में बुमराह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया था।

एस्टरहुइजन का न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन

वहीं, टी20 विश्व कप 2026 के बाद एस्टरहुइजन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 5 मुकाबलों में 200 रन बनाए। सीरीज के चौथे मैच में उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला अर्धशतक लगाया था और 33 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका पांच मुकाबलों की सीरीज को 3-2 से अपने नाम करने में सफल रही थी। एस्टरहुइजन दो मुकाबलों में प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। इसका फायदा उन्हें टी20 रैंकिंग में भी मिला और वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में बल्लेबाजों की रैंकिंग में 39वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com