वानखेड़े में रयान रिकेल्टन ने MI के लिए खत्म किया 18 साल का सूखा, 123 रन की नाबाद शतकीय पारी के साथ रचा इतिहास

MI vs SRH: मुंबई इंडियंस के रयान रिकेल्टन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार शतक जड़कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। उनकी धमाकेदार पारी से टीम को मजबूत स्थिति मिली।
रियान रिकल्टन ने MI के खत्म किया 18 साल का सूखा, 123 रन की नाबाद शतकीय पारी के साथ रचा इतिहास
रयान रिकेल्टन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ryan Rickelton Century: आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने शानदार पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 55 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। रिकेल्टन ने सिर्फ 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है। इस विस्फोटक पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने मुकाबले में मजबूत पकड़ बना ली और बड़ा स्कोर खड़ा किया।

जयसूर्या का रिकॉर्ड टूटा

रिकेल्टन ने अपने शतक के साथ मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2008 में 45 गेंदों में शतक लगाया था। तिलक वर्मा ने भी इसी सीजन 45 गेंदों में शतक लगाया था, लेकिन रिकेल्टन उनसे आगे निकल गए। इसके अलावा उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया और जयसूर्या के 114 रन के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया।

तीन अहम साझेदारियों से टीम को मजबूती

रिकेल्टन ने अपनी पारी के दौरान टीम के लिए तीन अहम साझेदारियां निभाईं। विल जैक्स के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े और टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद नमन धीर के साथ 55 रन और कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ 56 रन की साझेदारी की। इन साझेदारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 243/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। पावरप्ले में ही टीम ने 78 रन बना लिए थे, जिससे विपक्षी टीम पर दबाव बन गया।

MI के लिए सबसे तेज शतक

  • 44 - रयान रिकेल्टन बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, वानखेड़े, 2026
  • 45 - सनथ जयसूर्या बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, वानखेड़े, 2008
  • 45 - तिलक वर्मा बनाम गुजरात टाइटंस, अहमदाबाद, 2026
  • 47 - कैमरून ग्रीन बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, वानखेड़े, 2023
  • 49 - सूर्यकुमार यादव बनाम गुजरात टाइटंस, वानखेड़े, 2023

IPL में MI के लिए सबसे बड़ी पारी

  • 123* - रयान रिकेल्टन बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
  • 114* - सनथ जयसूर्या बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
  • 112* - किटन डिकॉक बनाम पंजाब किंग्स
  • 109* - रोहित शर्मा बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
  • 105* - रोहित शर्मा बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
  • 103* - सूर्यकुमार यादव बनाम गुजरात टाइटंस
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com