IPL 2026: रोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स की उड़ाई धज्जियां, चतुर चाल से बर्बाद कराया DRS

MI vs DC 2026: रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार चतुराई दिखाई, जिससे दिल्ली की टीम भ्रमित हो गई और उनका एक डीआरएस बेकार चला गया।
Rohit Sharma IPL 2026 Match against DC
रोहित शर्मा आईपीएल 2026 (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rohit Sharma IPL 2026: आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में रोहित शर्मा ने अपनी समझदारी और चतुराई से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा नुकसान पहुंचाया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच के दौरान रोहित ने ऐसा कदम उठाया, जिससे दिल्ली की टीम भ्रमित हो गई और उनका एक अहम डीआरएस बेकार चला गया।

क्या था मामला?

मुंबई इंडियंस की पारी का 9वां ओवर कुलदीप यादव डाल रहे थे। इस ओवर की एक गेंद लेग साइड की ओर गई, जिस पर विकेटकीपर केएल राहुल और गेंदबाज कुलदीप यादव ने रोहित शर्मा के खिलाफ जोरदार अपील की। हालांकि, अंपायर कुमार धर्मसेना ने उन्हें नॉट आउट करार दिया। इसी दौरान रोहित शर्मा कुछ कदम पवेलियन की ओर बढ़ने लगे, जिससे ऐसा लगा कि उन्हें खुद भी आउट होने का अंदेशा है। लेकिन जैसे ही अंपायर का फैसला सामने आया, वह तुरंत वापस क्रीज पर लौट आए।

रोहित की चाल में फंसी दिल्ली टीम

रोहित के इस हावभाव से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों को लगा कि गेंद उनके बल्ले या ग्लव्स से लगी है। विकेटकीपर केएल राहुल और कुलदीप यादव की अपील को देखते हुए कप्तान अक्षर पटेल ने डीआरएस लेने का फैसला कर लिया। जैसे ही अक्षर पटेल ने डीआरएस का इशारा किया, रोहित शर्मा के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दी। रिप्ले में साफ हुआ कि गेंद रोहित के बल्ले से काफी दूर थी और उनके पैड में लगकर विकेटकीपर के हाथ में गई थी।

अंपायर का फैसला और दिल्ली का नुकसान

थर्ड अंपायर ने वीडियो देखकर रोहित शर्मा को नॉट आउट ही करार दिया। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स का एक महत्वपूर्ण रिव्यू भी खराब हो गया। रोहित की इस समझदारी ने मैच में एक दिलचस्प मोड़ ला दिया और विपक्षी टीम को रणनीतिक नुकसान पहुंचाया।

हालांकि, रोहित शर्मा इस मौके का ज्यादा फायदा नहीं उठा सके। अगले ही ओवर में वह आउट हो गए। उन्होंने 26 गेंदों पर 35 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था। अक्षर पटेल की गेंद पर कवर में नीतीश राणा ने उनका कैच लपका। रोहित शर्मा आईपीएल में चौथी बार अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हुए हैं। अक्षर के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है। 11 पारियों में उन्होंने केवल 67 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 16.75 और स्ट्राइक रेट 87 का रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com