

Ravi Shastri Praised Rohit Sharma: इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में रोहित शर्मा की शानदार 138 रन की पारी के बाद उनके भविष्य को लेकर चल रही बहस पर पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है। शास्त्री ने कहा कि रोहित ने अपने बल्ले से आलोचकों को करारा जवाब दिया है और उनकी ये पारी उनके खिलाफ उठ रही सभी आवाजों का जवाब थी।
द हंड्रेड 2026 के उद्घाटन मुकाबले के दौरान कमेंट्री करते हुए रवि शास्त्री ने रोहित शर्मा को स्टैंड्स में देखकर कहा कि हिटमैन यहां मौजूद हैं और अब बिल्कुल रिलैक्स होंगे क्योंकि उन्होंने अपने आलोचकों को शांत कर दिया है। आखिरी वनडे से पहले उनके भविष्य को लेकर काफी शोर मचाया गया था, लेकिन उन्होंने बल्ले से करारा तमाचा जड़ते हुए 138 रन बना दिए। लॉर्ड्स में उनका पहला शतक था।
शास्त्री ने रोहित की कप्तानी का भी जिक्र करते हुए कहा कि वो मुंबई इंडियंस को पांच आईपीएल खिताब दिला चुके हैं और उनके अनुभव पर सवाल उठाना आसान नहीं है।
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले ऐसी चर्चाएं तेज थीं कि ये रोहित शर्मा का भारत के लिए आखिरी वनडे मुकाबला हो सकता है। हालांकि लॉर्ड्स में खेली गई उनकी 138 रन की शानदार पारी ने इन अटकलों पर फिलहाल विराम लगा दिया।
रविचंद्रन अश्विन ने भी अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अगर रोहित और विराट खेलना चाहते हैं तो उन्हें कोई नहीं छू सकता। उनके रिकॉर्ड ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। रोहित के नाम लगभग 12 हजार अंतरराष्ट्रीय रन हैं। वे सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस की पसंद हैं। लोग उन्हें देखने के लिए स्टेडियम आते हैं। अगर उन्हें बाहर किया गया तो बहुत बड़ा हंगामा होगा।
अश्विन ने कहा कि रोहित शर्मा अब किसी आलोचक को जवाब देने के लिए नहीं खेल रहे हैं, बल्कि उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलना है। उन्होंने कहा, कि रोहित को अब किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है। हमने इतने सालों से उन्हें खेलते देखा है। उनके अंदर सिर्फ एक ही भूख है कि वो अगला वनडे वर्ल्ड कप खेलें और इसी वजह से वो खुद को लगातार बेहतर बनाए रखना चाहते हैं।
रोहित शर्मा की लॉर्ड्स में खेली गई पारी के बाद एक बार फिर ये साफ संकेत मिला है कि अनुभवी बल्लेबाज अभी वनडे क्रिकेट से दूरी बनाने के मूड में नहीं हैं। ऐसे में अब उनकी नजर 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर होगी, जबकि टीम इंडिया भी अपने सबसे अनुभवी बल्लेबाज से आगे भी बड़ी पारियों की उम्मीद करेगी।