जिस मैदान पर रिटायर होने की थी चर्चा...वहीं से हिटमैन ने दिया जवाब! रोहित ने लॉर्ड्स में ठोका ऐतिहासिक शतक

Rohit Sharma in Ind Vs Eng: रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में 388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 84 गेंदों में शतक जड़ा। वह लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
Rohit Sharma Century
रोहित शर्मा (Image- IANS)
Published on
Updated on

Rohit Sharma Century: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शुरुआती मुकाबलों में खराब प्रदर्शन के बाद आलोचनाओं का सामना कर रहे भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने निर्णायक मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर उन्होंने 388 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 84 गेंदों में अपना 34वां वनडे शतक पूरा किया और आलोचकों को करारा जवाब दिया।

मैच से पहले ऐसी चर्चाएं तेज थीं कि इंग्लैंड सीरीज के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी और टीम में भविष्य पर सवाल खड़े हो सकते हैं। लेकिन 39 वर्षीय बल्लेबाज ने दबाव के बीच बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण की जमकर खबर ली।

लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय

इस शानदार पारी के साथ रोहित शर्मा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। वह लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

इससे पहले लॉर्ड्स में किसी भी भारतीय बल्लेबाज ने वनडे में शतक नहीं लगाया था। भारतीय बल्लेबाजों में यहां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर सौरव गांगुली के नाम था, जिन्होंने वर्ष 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन बनाए थे।

महान खिलाड़ियों से भी आगे निकले

रोहित शर्मा की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी अपने वनडे करियर में लॉर्ड्स के मैदान पर शतक नहीं लगा सके थे। अब रोहित शर्मा इस प्रतिष्ठित मैदान पर वनडे सेंचुरी लगाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। दबाव भरे मुकाबले में खेली गई यह शतकीय पारी न सिर्फ भारत के लिए अहम साबित हुई, बल्कि रोहित शर्मा के अनुभव, क्लास और बड़े मैचों में प्रदर्शन करने की क्षमता का भी उदाहरण है।

रिटायरमेंट की खबरों के बीच बोला बल्ला

रोहित शर्मा का यह शानदार प्रदर्शन ये दिखाता है कि भले ही उनके भविष्य को लेकर चयनकर्ता कुछ भी सोच रहे हों लेकिन मैदान पर उनका जलवा और आक्रामकता आज भी बरकरार है। वो पहले भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने ODI में लॉर्ड्स के मैदान पर शतक जड़ा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com