'हमारा लक्ष्य...', चेन्नई सुपर किंग्स पर जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान ने किया बड़ा ऐलान

Riyan Parag: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में सीएसके को हराकर जीत दर्ज की, जिसके बाद कप्तान रियान पराग ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए टीम का लक्ष्य ट्रॉफी जीतना बताया।
"Let Vaibhav play freely; our goal is to win the trophy": Riyan Parag
रियान पराग और ऋतुराज गायकवाड़ (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rajasthan Royals vs Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है। साथ ही साथ वैभव सूर्यवंशी की तारीफ भी की है। जिन्होंने तूफानी पारी खेलते हुए मुकाबले को एकतरफा कर दिया।

जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, "टॉस हमारे लिए थोड़ा लकी रहा। यह लाल मिट्टी का विकेट था और बारिश भी हुई थी। गेंदबाजों ने अपनी योजना को अच्छी तरह लागू किया। कप्तानी के लिए काफी तैयारी की है, लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है। प्लानिंग और रणनीति पर काफी समय दिया गया। हम स्मार्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं और हालात के अनुसार ढलना चाहते हैं, जो आज हमने किया। सभी गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, तेज गेंदबाज काफी प्रभावी रहे। गुवाहाटी की पिच 'जड्डू भाई' के लिए अनुकूल रही।"

रियान पराग ने की वैभव की तारीफ

राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंदो में 5 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 52 रन बनाए। 15 वर्षीय खिलाड़ी ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यशस्वी जायसवाल के साथ 75 रन की साझेदारी ने टीम के लिए जीत की नींव रखी। कप्तान ने सूर्यवंशी की तारीफ में कहा, "मैं वैभव से कहता हूं कि आप पूरे 14 मैच खेलो, मैदान या मीडिया की बातों से परेशान मत हो। कोचों से भी कहता हूं कि उन्हें खुलकर खेलने दें। नेट्स में उन्हें देखकर हम काफी प्रभावित हुए।"

हार के बाद गायकवाड़ ने क्या कहा?

करारी हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, "शुरुआत में हालात मुश्किल थे, खासकर जोफ्रा आर्चर के खिलाफ। मीडियम पेसर्स के खिलाफ भी खेलना आसान नहीं था और स्पिनर्स को भी मदद मिल रही थी। शायद हम थोड़ी और गहराई तक बल्लेबाजी कर सकते थे, लेकिन आजकल अच्छा स्कोर क्या है, यह तय नहीं होता, इसलिए खेलते रहना जरूरी था।"

उन्होंने कहा, "आप पिछली चीजों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं। अगला मैच तीन दिन में है। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं, शुरुआत थोड़ी नर्वस थी लेकिन एक मैच खेल लेना अच्छा रहा। मैं हमेशा पूरी तरह आक्रामक खेलने में विश्वास नहीं करता, लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण यह समझना मुश्किल है कि सही स्कोर क्या होगा। बल्लेबाजों के लिए जरूरी है कि वे खुद पर भरोसा रखें और मौका मिले तो शॉट खेलने से न चूकें।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com