

पंत WTC इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने।
यह उपलब्धि शनिवार, 28 नवंबर को हासिल की।
क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में यह कमाल किया।
उन्होंने मैच की पहली पारी के दौरान यह कीर्तिमान रचा।
Rishabh Pant WTC Sixes Record: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। पंत अब आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
दरअसल, आज यानी शनिवार, 28 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी के दौरान उन्होंने यह खास उपलब्धि हासिल की।
29 वर्षीय ऋषभ पंत भले ही इस मुकाबले में कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन अपनी छोटी सी पारी में ही उन्होंने बड़ा काम कर दिखाया। पंत ने 39 गेंदों का सामना करते हुए 23 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक ऐतिहासिक छक्का शामिल रहा। पिछले टेस्ट में शानदार शतक जड़ने वाले पंत शनिवार को क्रीज पर थोड़े असहज नजर आए। आलम यह था कि शुरुआती 25 गेंदों तक उनके बल्ले से एक भी बाउंड्री नहीं निकली थी।
आखिरकार 25वें ओवर में कीवी तेज गेंदबाज जैक डफी की दूसरी गेंद पर पंत ने लॉन्ग-ऑन की दिशा में एक करारा छक्का जड़ा। इसी के साथ उनके नाम WTC के 44 मैचों में 89 छक्के दर्ज हो गए। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ा, जिन्होंने संन्यास लेने से पहले 68 मैचों में 88 छक्के जड़े थे। 26वें ओवर में नाथन स्मिथ को चौका जड़कर पंत ने लय पकड़ने के संकेत दिए, लेकिन 27वें ओवर की आखिरी गेंद पर डफी ने उन्हें काइल जैमीसन के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया।
साल 2019 में शुरू हुई वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा साफ नजर आता है। टॉप-5 की लिस्ट में चार नाम भारत के हैं।
ऋषभ पंत (भारत): 89 छक्के (44 मैच)
बेन स्टोक्स (इंग्लैंड): 88 छक्के (68 मैच)
रोहित शर्मा (भारत): 56 छक्के
शुभमन गिल (भारत): 48 छक्के
यशस्वी जायसवाल (भारत): 45 छक्के