T20 World Cup 2026 के बीच बढ़ी रिंकू सिंह की मुश्किलें, पिता खानचंद की हालत गंभीर

T20 World Cup 2026 के बीच रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और डॉक्टरों की टीम 24 घंटे निगरानी कर रही है।
Rinku Singh's Father Health Update
रिंकू सिंह माता -पिता के साथ (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rinku Singh's Father Health Update: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 का मुकाबला खेला जा रहा है। रिंकू सिंह इस समय वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा है। वर्ल्ड कप के दौरान रिंकू सिंह के पिता की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है। रिंकू सिंह कल मिलने उनसे पहुंचे थे और आज फिर से टीम के साथ जुड़ गए हैं। रिंकू सिंह के पिता की तबीयत पर बड़ा अपडेट आया है।

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद की तबीयत बेहद गंभीर बनी हुई है। ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल की ओर से जारी ताजा मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि उनकी हालत नाजुक है और उन्हें अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती किया गया है।

वेंटिलेटर पर हैं रिंकू सिंह के पिता

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, खानचंद इस समय मैकेनिकल वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उनकी सांस लेने की प्रक्रिया को मशीन के माध्यम से नियंत्रित किया जा रहा है। इसके साथ ही, उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी यानी डायलिसिस की प्रक्रिया दी जा रही है। यह उपचार तब दिया जाता है जब किडनी ठीक से काम नहीं कर पाती और शरीर से टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने के लिए कृत्रिम सहायता की जरूरत होती है।

डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी

डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है। मेडिकल बुलेटिन में स्पष्ट किया गया है कि उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक है और स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज को सर्वोत्तम संभव उपचार दिया जा रहा है और सभी आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

टीम के साथ फिर से जुड़े रिंकू सिंह

सूत्रों के मुताबिक, रिंकू सिंह अपने पिता को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। कुछ समय उनके साथ बिताने के बाद वे टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए वापस लौट गए। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि रिंकू लगातार डॉक्टरों के संपर्क में हैं और अपने पिता के स्वास्थ्य की हर जानकारी ले रहे हैं।

खानचंद की स्थिति गंभीर

इधर, अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, बीते कुछ घंटों में खानचंद की स्थिति में और भी गंभीर हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं और लगातार प्रार्थना कर रहे हैं। इस बीच क्रिकेट प्रेमियों और प्रशंसकों ने भी रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर फैंस उनके पिता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com