महिला वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कप्तान ने भारत को दी चेतावानी, कहा- रिकॉर्ड टूटने के लिए...

Fatima Sana: भारत-पाक महिला वर्ल्ड कप मैच से पहले पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने भरोसा जताया कि उनकी टीम रिकॉर्ड तोड़ सकती है, कहा कि हम सिर्फ खेल पर फोकस करेंगे।
महिला वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कप्तान ने भारत को दी चेतावानी, कहा- रिकॉर्ड टूटने के लिए...
पाकिस्तान महिला टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistan Skipper Fatima Sana: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में आज 5 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होगा।  मैच से पहले पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने उम्मीद जताई है कि उनकी टीम इस बार बेहतर प्रदर्शन करेगी और भारत के खिलाफ जीत दर्ज कर सकती है। सना ने कहा कि रिकॉर्ड तो टूटने के लिए ही बनते हैं।

वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान अब तक भारत से 11 में से 11 मैच हार चुका है, लेकिन फातिमा सना ने कहा कि उनकी टीम अतीत को भूलकर सिर्फ वर्तमान पर ध्यान दे रही है। फातिमा ने मैच से एक दिन पहले कहा कि सबसे पहले तो भारत और पाकिस्तान के बीच जो भी रिकॉर्ड है वो टूटने के लिए ही बने हैं। ऐसा नहीं है कि पाकिस्तान कभी भारत को नहीं हरा सकता।

हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है

उन्होंने कहा कि हमारे सामने कोई भी टीम हो, हम इस सोच के साथ खेलते हैं कि हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है। हम बीते हुए रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोचेंगे, सिर्फ उस दिन के खेल पर ध्यान देंगे। मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि अगर पाकिस्तान अच्छा खेले तो हम में किसी भी बड़ी टीम को हराने की काबिलियत है। आप खुद को एक मैच के आधार पर नहीं आंक सकते। टीम का मनोबल ऊंचा है।

इस बड़े मुकाबले की तैयारी उस समय हो रही है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक माहौल काफी तनावपूर्ण है। माना जा रहा है कि पुरुष एशिया कप की तरह, इस बार भी भारतीय महिला खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से बच सकती हैं। यह स्थिति 2022 महिला वनडे विश्व कप से बिल्कुल अलग होगी, जब भारत की खिलाड़ियों के पाकिस्तान की पूर्व कप्तान बिस्माह मारूफ की बेटी के साथ घुलते-मिलते तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।

हम खेल भावना निभाने की पूरी कोशिश करेंगे

फातिमा ने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य अच्छा प्रदर्शन करना है। हमारी अन्य टीमों के साथ अच्छे संबंध हैं। हम खेल भावना को निभाने की पूरी कोशिश करेंगे। बिस्माह की बेटी के साथ सभी का मिलना और एक-दूसरे के साथ अच्छा समय बिताना। पहले जो हुआ, हमें ऐसे पल पसंद हैं। लेकिन अभी हमारा पूरा मकसद खेल पर ध्यान देना है। फातिमा ने माना कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला अधिक दबाव वाला होता है और टीम को इससे निपटना सीखना होगा।

उन्होंने कहा कि बिलकुल, यह एक दबाव वाला मैच है। हम जानते हैं कि भारत-पाकिस्तान मैच को पूरी दुनिया देखती है। लेकिन असली बात है उस दबाव को संभालना। हम अपनी रणनीति पर ध्यान देंगे और योजनाओं को अंजाम देने की कोशिश करेंगे। पाकिस्तान ने अपना अभियान बांग्लादेश के खिलाफ सात विकेट से निराशाजनक हार के साथ शुरू किया है, लेकिन कप्तान का कहना है कि टीम का मनोबल ऊंचा है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com